यमुनानगर में रास्ते की जमीन की फर्जी तरीके से कराई रजिस्ट्री, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
जगाधरी के मटका चौक एरिया में रास्ते की जमीन को लेकर विवाद में पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज ...और पढ़ें

तीन के खिलाफ मामला दर्ज। सांकेतिक फोटो
HighLights
जगाधरी में रास्ते की जमीन विवाद में तीन पर केस दर्ज।
पड़ोसियों पर 11 गज जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का आरोप।
शिकायतकर्ता ने मारपीट और तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। जगाधरी के मटका चौक एरिया में घर के सामने के रास्ते की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में अब सेक्टर 17 थाना पुलिस ने तीन पर केस दर्ज किया है। इस मामले में एक व्यक्ति ने पड़ोसियों पर रास्ते की 11 गज जमीन की धोखाधड़ी से रजिस्ट्री कराने और उस पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई।
पुलिस को दी शिकायत में देव ठाकुर ने बताया कि काम के सिलसिले में उनका घर से बाहर आना-जाना रहता है। उनका परिवार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहता है। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विवेक व उसके भाई विशाल ने अपनी मां के नाम 11 गज जमीन की रजिस्ट्री धोखे से कराई। जबकि यह जमीन उनके घर के सामने आने-जाने के रास्ते में आती है और रजिस्ट्री रास्ते पर कब्जा करने की नीयत से कराई गई है।
आरोप है कि जब इस रास्ते पर कब्जा किया जा रहा था तो वह मौके पर पहुंचे और विरोध किया। आरोपितों ने विवाद किया। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर जमीन की निशानदेही कराने को कहा। निशानदेही में संबंधित जगह उसके आने-जाने का रास्ता निकली। दोबारा आरोपितों से जमीन के बारे में बात की तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
