हरियाणा में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने परिवार पर किया हमला, तेजाब फेंकने की दी धमकी
यमुनानगर में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके परिवार पर हमला किया गया। आरोपियों ने शिकायत करने पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

HighLights
यमुनानगर में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया।
विरोध करने पर परिवार पर हमला, मां-दादी घायल हुईं।
शिकायत करने पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। बूड़िया थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती के साथ तीन युवकों ने छेड़छाड़ की। जब पीड़िता के स्वजन आरोपितों के घर पर बात करने गए तो उन्होंने उनके साथ मारपीट की। ईंटों से हमला कर पीड़िता की मां व दादी को घायल कर दिया। साथ ही धमकी दी कि यदि कही पर शिकायत दी तो वह उसके ऊपर तेजाब डाल देंगे। बूड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि उसके साथ एक सप्ताह से रितिक, हेमंत व रोहित छेड़छाड़ कर रहे हैं। जब भी कोचिंग के लिए जगाधरी में जाती है तो आरोपित उसका पीछा करते हैं। कई बार रास्ते में रोककर छेड़छाड़ कर चुके हैं।
अश्लील टिप्पणी करते हैं। परेशान होकर इस बारे में स्वजन को बताया। वीरवार को स्वजन आरोपितों के घर पर इस बारे में बात करने के लिए गए तो आरोपितों ने गाली गलौज की। मारपीट करते हुए धमकी दी। आरोपितों ने ईंटों से हमला किया।
जिसमें मां, दादी घायल हो गई। आरोपितों व उनके स्वजन ने धमकी दी कि यदि उनकी कही पर पर शिकायत की तो वह उसके ऊपर तेजाब डाल देंगे। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया।

