विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर में ट्यूबवेल तार चोरी करते पकड़ा गया युवक, ग्रामीणों ने गले में तार डालकर बाजार में घुमाया

Published: Fri, 09 Oct 2026 04:45 PM (IST)Updated: Fri, 09 Oct 2026 05:09 PM (IST)

यमुनानगर के प्रतापनगर में ट्यूबवेल की तार चोरी करते एक युवक तौफिक को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा। ग्रामीणों ने उसके गले में तार डालकर खेतों से बाजार तक घुमाया।

ट्यूबवेल तार चोरी करते पकड़ा गया युवक। सांकेतिक फोटो

ट्यूबवेल तार चोरी करते पकड़ा गया युवक। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. प्रतापनगर में ट्यूबवेल की तार चोरी करते युवक पकड़ा गया।

  2. ग्रामीणों ने चोर के गले में तार डालकर बाजार में घुमाया।

  3. आरोपी तौफिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। प्रतापनगर में ट्यूबवेल की तार चोरी करते एक आरोपित को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसके गले में तार डालकर खेतों से लेकर बाजार में घुमाया। इसकी वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हो रही है। आरोपित की पहचान प्रतापनगर निवासी तौफिक के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध खेत मालिक प्रतापनगर निवासी पृथ्वी वालिया की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

खेत मालिक पृथ्वी वालिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने खेतों में काम से गया था। तभी ट्यूबवेल की तार काटते हुए तौफिक को पकड़ा। आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ग्रामीणों ने युवक के गले में काटी गई तारों का हार डाल दिया और उसे खेतों से गांव की ओर ले गए।

इसके बाद उसे गांव की सड़कों और बाजार में घुमाया गया। बाद में आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया गया। वीडियो में कुछ लोग आरोपित की पिटाई करने की भी बात कह रहे हैं तो कुछ ग्रामीण उसे चप्पलों की माला पहनाने की बात भी करते हैं।

पहले भी कई बार चोरी हो चुकी तार

ग्रामीणों का कहना था कि खेतों से पहले भी कई बार ट्यूबवेल की तार चोरी हो चुकी हैं। जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। नशे की लत को पूरा करने के लिए इस तरह की चोरी की वारदातें की जा रही हैं। जिस युवक को पकड़ा गया। उस पर भी नशे का आदी होने का आरोप है।

वहीं प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि आरोपित तौफिक पर केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।