सोनीपत में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार किशोरों पर पलटा आम से भरा टेंपो; दबकर दो की मौत
सोनीपत के गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे पर हुए सड़क हादसे में पानीपत के दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल हो गया। ...और पढ़ें
-1778756213481_m.webp)
हादसे के बाद गमजदा परिजन। जागरण
HighLights
सोनीपत के गोहाना में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
रोहतक-पानीपत हाईवे पर टेंपो पलटने से दो किशोरों की मौत।
पानीपत के रमनदीप और अमित की मौके पर ही मौत।
जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। सोनीपत के गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे पर गोहाना बाईपास के पास सड़क हादसे में पानीपत के दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल हो गया।
बताया गया कि तीनों बाइक पर रोहतक जा रहे थे। आम से भरे टेंपों ने पहले बाइक को पीछे से टक्कर मारी और उसके बाद वह बाइक पर पलट गया। शहर थाना गोहाना में केस दर्ज किया गया।
पानीपत में वार्ड 11 के पास रहने वाले रमनदीप सिंह, अमित और उनका दोस्त वंश बाइक पर रोहतक में बीमार एक दोस्त का हालचाल लेने जा रहे थे। वंश बाइक चला रहा था और रमनदीप व अमित पीछे बैठे थे।
टेंपो के नीचे दब गए थे दोनों
बताया कि जब वे गोहाना बाईपास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे टेंपों (छोटा हाथी) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठे रमनदीप सिंह और अमित सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से टेंपों वाहन पलट गया और दोनों किशोर उसके नीचे दब गए।
पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा वंश टक्कर के बाद बाइक सहित दूर जा गिरा, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची।
रमनदीप के पिता हरजिंद्र सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल गोहाना में कराया गया। रमनदीप सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। उसके पिता हरजिंद्र सिंह ड्राइवरी का कार्य करते हैं। दोनों मृतकों के परिवारों में मातम छा गया और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।