सोनीपत की पश्चिमी यमुना लिंक नहर में मिला हाथ बंधा शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
सोनीपत के चिटाना गांव के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर में एक व्यक्ति का हाथ बंधा शव मिला है। शव तीन-चार दिन पुराना और क्षत-विक्षत है, जिससे पहचान मुश्कि ...और पढ़ें

नहर में मिला व्यक्ति का हाथ बंधा शव। (AI Generated Image)
HighLights
पश्चिमी यमुना लिंक नहर में मिला अज्ञात शव।
मृतक के हाथ बंधे थे, हत्या की आशंका।
शव तीन-चार दिन पुराना, पहचान मुश्किल।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। गांव चिटाना के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर में व्यक्ति का हाथ बंधा शव मिला है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या की गई है।
हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ स्पष्ट होने की बात कह रही है। पुलिस ने शव को खानपुर मेडिकल कालेज में रखवा दिया है। यह पता लगाया जाएगा कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान हैं या नहीं।
मोहाना थाना क्षेत्र के गांव चिटाना के पास राहगीरों ने पश्चिमी यमुना लिंक नहर में व्यक्ति का शव उतराते हुए देखा। व्यक्ति के हाथों को पीली चुनरी से बांधा गया था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव काफी क्षत-विक्षत हो चुका था।
तीन से चार दिन पुराना है शव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण वह पूरी तरह से फूल चुका है जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस का मानना है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और करके शव को नहर में फेंका गया होगा।
वह बहकर सोनीपत सीमा में आ गया है। पुलिस के अनुसार व्यक्ति की उम्र करीब 45 वर्ष है। उसने क्रीम रंग का कुर्ता-पाजामा पहन रखा है।
व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस ने पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर की पुलिस से संपर्क किया है। हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी या संदिग्ध मामलों से इस शव की कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है। क्षेत्र में पूछताछ भी की जा रही है।
खबरें और भी
शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। नहर जिन जिलों से गुजरती है वहां की पुलिस से संपर्क किया गया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रविंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता, सोनीपत।