विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

India's Polluted City: देश का सबसे प्रदूषित शहर बना ये शहर, अभी बढ़ता जा रहा है प्रदूषण; 321 तक पहुंचा AQI

By Edited By: Geetarjun
Updated: Sat, 14 Oct 2023 11:36 PM (IST)

Sonipat Pollution त्योहारों से पहले ही शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को 321 एक्यूआई के साथ अक्टूबर में तीसरी बार सो ...और पढ़ें

देश का सबसे प्रदूषित शहर बना ये शहर, अभी बढ़ता जा रहा है प्रदूषण; 321 तक पहुंचा AQI
देश का सबसे प्रदूषित शहर बना ये शहर, अभी बढ़ता जा रहा है प्रदूषण; 321 तक पहुंचा AQI

HighLights

  1. पांच दिन से लगातार बढ़ रहा है एक्यूआई।
  2. इस महीने तीसरी बार सबसे ज्यादा प्रदूषण सोनीपत में।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। त्योहारों से पहले ही शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को 321 एक्यूआई के साथ अक्टूबर में तीसरी बार सोनीपत देश का सबसे प्रदूषित शहर बना। जो शुक्रवार के मुकाबले 34 अंक ज्यादा।

इसे प्रदूषण की बेहद खराब श्रेणी मानी जाती है। जो इस सीजन में अब तक का सबसे ज्यादा है। दूसरे नंबर पर 305 एक्यूआई के साथ सोनीपत से सटे झज्जर जिले का बहादुरगढ़ शहर रहा। सोनीपत में औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है।

आंखों में जलन और पानी गिरने की समस्या भी देखने को मिल रही है। वहीं, बिजली की कमी के कारण छोटे जनरेटर भी चल रहे हैं। जिनका धुआं प्रदूषण फैला रहा है। औद्योगिक क्षेत्र, टूटी सड़कों पर उड़ती धूल, निर्माण गतिविधियां शहर की हवा को खराब करने का काम कर रही हैं।

प्रदूषण रोकथाम के इंतजाम

इनकी रोकथाम के लिए जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि एक अक्टूबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रेप लागू हुआ था, जबकि छह अक्टूबर को ग्रेप के तहत पहली स्टेज के नियम लागू हैं। इसके बाद भी अधिकारियों ने प्रदूषण रोकथाम के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए हैं। कागजों में ही योजना तैयार की जा रही हैं। जमीनी स्तर पर उनका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।

पांच दिन का एक्यूआई

14 अक्टूबर- 321

13 अक्टूबर- 287

12 अक्टूबर- 233

11 अक्टूबर- 208

10 अक्टूबर-205

एक्यूआई का पैरामीटर

शून्य से 50- अच्छा

51 से 100- संतोषजनक

101 से 200- मध्यम

201 से 300- खराब

301 से 400- बेहद खराब

401 से 500- गंभीर

अभी मौसम की ये स्थिति

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 15 अक्टूबर तक खुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी रहने, परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हवाओं में बदलाव से 15 अक्टूबर रात्रि से 17 अक्टूबर को आंशिक बादलवाई रहने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। परंतु इस के बाद उत्तर पश्चिमी हवाएं फिर से चलने से तापमान में गिरावट संभावित है। यानि 15 से 17 अक्टूबर तक एक्यूआई सामान्य रह सकता है। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह सामान्य से खराब स्तर पर रहेगा।

ये भी पढ़ें- Sonipat News: दिव्यांग नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपी युवक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

प्रदूषण रोकने के उपायों पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। फैक्ट्रियों में जांच की जा रही है। छिड़काव भी सुनिश्चित किया गया है। अगर कहीं लापरवाही बरती जा रही है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभी मौसम भी अनुकूल नहीं है। हवा चलती है और बूंदाबांदी होती है तो एक्यूआई में कमी आ सकती है। -प्रदीप सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।

उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि हरियाणा राज्य प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी निर्देशानुसार धान की कटाई करने वाली कंबाइन मशीनों में सुपर स्ट्रा मेनेजमेंट सिस्टम(एसएमएस) लगा होना अनिवार्य है। जिले में बिना एसएमएस के कोई कंबाइन मशीन धान की फसल कटाई करती मिली तो उसे जब्त किया जाएगा। सभी एसडीएम को भी निर्देश दिए गए है कि वे अपने क्षेत्रों में निरंतर नजर बनाए रखे और बिना एसएमएस लगी कंबाइन मशीनों को जब्त करें। ताकि पराली जलाने के मामले न आएं।