विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AI से बनी मगरमच्छ की फोटो ने तीन विभागों को किया परेशान, 5 घंटे तक ओटू हेड और NGC नहर में ढूंढती रही रेस्क्यू टीम

Published: Thu, 27 Aug 2026 05:09 AM (GMT+05:30)

एआई से बनी मगरमच्छ की एक तस्वीर ने सिरसा के ओटू हेड पर वन्यजीव, सिंचाई और राजस्व विभाग को पांच घंटे तक परेशान रखा। जांच में कोई मगरमच्छ नहीं मिला।

AI से बनी मगरमच्छ की फोटो ने तीन विभागों को किया परेशान। फोटो सोशल मीडिया

AI से बनी मगरमच्छ की फोटो ने तीन विभागों को किया परेशान। फोटो सोशल मीडिया

HighLights

  1. एआई से बनी मगरमच्छ की फोटो ने मचाया हड़कंप।

  2. तीन विभागों ने पांच घंटे तक चलाया सर्च अभियान।

  3. झूठी सूचना देने वाले पर एफआईआर की तैयारी।

जागरण संवाददाता, सिरसा। आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस से बनी मगरमच्छ की फोटो ने पांच घंटे तक ओटू हेड और एनजीसी में वन्यजीव विभाग, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की मशक्कत करवाई। तीन विभागों के अधिकारियों ने ओटू हेड व उससे निकलने वाली नहरों पर सर्च अभियान चलाया।

पांच घंटे की जांच के बाद भी जब कोई निशान नहीं मिला तो विभाग ने सूचना देने वाले को फोन किया। उसने फोन बंद कर दिया। फिर फोटो की जांच की तो वो एआइ से बनी मिली। विभाग ने अब एआइ से फोटो बनाने और झूठी सूचना देने वाले के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। सूचना देने वाला ओटू हेड पर ही रेहड़ी लगाता है।

मगरमच्छ की फोटो भेज दी सूचना

बुधवार को वन्यजीव विभाग के पास ओटू हेड से एक व्यक्ति ने फोटो भेज मगरमच्छ होने की सूचना दी। सुबह 10 बजे वन्यजीव विभाग, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी ओटू हेड पर पहुंचे। फोटो 2700 नंबर बुर्जी आरडी के आस पास की थी। ओटू हेड के आसपास के क्षेत्र की जांच किए जाने के बाद मगरमच्छ का कोई भी निशान नहीं मिला।

जिसके पश्चात विभाग ने राजस्व विभाग के बोट मंगवाई। बोट से सर्च की गई। लेकिन फिर भी कुछ नहीं मिला। जिस स्थान पर मगरमच्छ होने का फोटो विभाग के पास पहुंचा तो विभागीय कर्मचारियों ने उस जगह की गहराई भी जांची।

तत्पश्चात फोटो एआइ से बने होने की आशंका हुई। अधिकारियों ने सूचना देने वाले व्यक्ति को मौके पर बुलाया। कई बार बुलाने के बाद भी युवक नहीं आया और बाद में फोन बंद कर लिया। विभाग ने झूठी सूचना देने वाले उक्त युवक के खिलाफ रानियां थाना में एफआइआर करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग अभी भी अलर्ट मोड पर है और जांच जारी रहेगी।

मैंने कोई अफवाह नहीं फैलाई

वहीं, प्रशासन को मगरमच्छ की सूचना देने वाले ओटू निवासी मुंशी ने बताया कि उसके पास सुबह नौ से दस बजे के बीच दो युवक बाइक पर आए। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद के पास पुली पर मगरमच्छ देखा है। मुझे उनकी बात पर विश्वास नहीं हुआ।

दोनों युवकों ने उसे फोटो दिखाई। मैंने मोबाइल से फोटो खींच ली और हेड जमादार को बता दिया। हेड जमादार ने प्रशासन को सूचना दी। मैंने कोई अफवाह नहीं फैलाई। मुझे नहीं पता था कि वो फोटो एआइ से बनाई गई है। अब प्रशासन मेरे को फोन करके अपना मोबाइल फोन लेकर आने के लिए कहा रहा है।

ओटू हेड में मगरमच्छ होने की फोटो व सूचना मिली थी। पांच घंटे सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन कोई भी निशान नहीं मिला। सूचना देने वाले युवक को भी मौके पर बुलाया गया लेकिन वह नहीं आया और फोन भी बंद कर लिया। जांच के बाद फोटो एआइ से बनी मिली। उक्त युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई जाएगी। अभी विभाग अलर्ट है।

- जयविंद्र नेहरा, इंस्पेक्टर, वन्यजीव विभाग सिरसा।