सिरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; ससुरालियों पर मामला दर्ज
डबवाली के अलीकां गांव में एक विवाहिता गुरदीप कौर की संदिग्ध मौत हो गई, जिसका शव बाथरूम के दरवाजे पर लटका मिला। मृतका के भाई मंगा सिंह ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
-1772822181101_m.webp)
सिरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत। फाइल फोटो
HighLights
अलीकां में विवाहिता गुरदीप कौर की संदिग्ध मौत हुई।
भाई ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया।
पति, सास, ससुर, ननद पर हत्या का केस दर्ज।
संवाद सहयोगी, डबवाली। गांव अलीकां में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। उसका शव बाथरुम डोर की चौगाठ पर लटकता हुआ मिला। घटनाक्रम वीरवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि का बताया जाता है। मृतका की पहचान गुरदीप कौर के रुप में हुई है। मूल रुप से गांव मसीतां की रहने वाली थी। गांव अलीकां में अर्शदीप सिंह से विवाहित थी। उसके दो बेटे हैं। मृतका के भाई ने बहन के ससुरालियों पर हत्या के आरोप लगाए हैं।
गांव मसीतां निवासी मंगा सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि छह मार्च को अलसुबह करीब चार बजे उसके पास बहन के ससुर सिमरा सिंह का फोन आया कि गुरदीप कौर ने बाथरुम में फांसी लगा ली है। वह सुबह करीब नौ बजे मौका पर पहुंचे तो देखा कि उसका शव बाथरुम के गेट की चौगाठ पर हरे व सफेद रंग की रस्सी से लटका हुआ था।
एक प्लास्टिक की कुर्सी व पास में काले रंग की चप्पल पड़ी हुई थी। एक चुनरी उसके पैरों के पास पड़ी थी। उसकी बहन की सास, ससुर, ननद, पति ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। गुरदीप कौर के गले में रस्सी डालने के बाद बाथरुम के गेट पर लटका कर उसे मारा गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए मारा गया है। पुलिस ने मंगा सिंह के बयान के आधार पर मृतका की सास वीरपाल कौर, ससुर सिमरा सिंह, पति अर्शदीप सिंह तथा ननद कुलदीप कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वीरवार को डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में तीन सदस्यीय चिकित्सीय बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया।
छह वर्ष पहले हुई थी शादी
मंगा सिंह के अनुसार उसकी बहन की शादी 20 मार्च 2020 को अर्शदीप के साथ हुई थी। बहन के दो बेटे पांच वर्षीय कृष्ण, चार वर्षीय अमदीप सिंह है। पिछले करीब तीन वर्ष से कृष्ण उनके पास ही गांव मसीतां में रहता है। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराली गुरदीप कौर को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे।
आरोपित उसे घर से निकाल देते थे। दहेज में बाइक न लाने के लिए ताने मारते थे। दोनों परिवारों की पंचायतें गांव मसीतां तथा अलीकां में हुई थी। पंचायत में आरोपित ससुराली माफी मांग लेते थे। आश्वासन देते थे कि वे उसकी बहन को खुश रखेंगे। परिवार गुरदीप कौर को समझाकर ससुराल में छोड़ जाता था।
बहन ने कहा था-उसके साथ किसी भी घटना को अंजाम दे सकते
मृतका के भाई के अनुसार करीब पांच माह पहले गुरदीप कौर को सास, ससुर, पति तथा नन्द ने मारपीट करके घर से निकाल दिया था। उसकी बहन उसके पास घर पर थी। करीब एक माह पूर्व वह तथा अन्य स्वजन बहन को समझकर उसे उसके ससुराल छोड़कर गए थे।
करीब 10 दिन पूर्व वह बहन से मिलने गया था। उसकी बहन ने उसे बताया कि सास, ससुर, पति तथा ननद उससे गाली-गलौज तथा मारपीट करते हैं। उसे जान से मारने की धमकियां देते हैं। वह शारीरिक तथा मानसिक तौर पर परेशान रहती है। आरोपित उससे मारपीट करके किसी भी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
गांव मसीतां निवासी मंगा सिंह के बयान पर गुरदीप कौर के ससुरालियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मंगा सिंह का कहना है कि दहेज के लिए ससुराली उससे प्रताड़ित करते थे। मृतका के पति, सास, ससुर तथा ननद को नामजद किया गया है। - इंस्पेक्टर देवीलाल, प्रभारी, शहर थाना डबवाली।

