रेवाड़ी में तैयारी लिस्ट पर 2 साल बाद भी कार्रवाई नहीं, अब फिर गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद करने के आदेश
रेवाड़ी में शिक्षा विभाग ने फिर से गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं, जबकि दो साल पहले बनी 40 स्कूलों की सूची पर कोई कार्रवाई नह ...और पढ़ें

शिक्षा विभाग की तरफ से गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची तैयार कर उन्हें बंद करने के आदेश दिए हैं।
HighLights
शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए।
दो साल पहले बनी 40 स्कूलों की सूची पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध स्कूल फल-फूल रहे हैं: एसोसिएशन।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कार्रवाई को लेकर बेशक शिक्षा विभाग की तरफ से समय-समय पर सूची तैयार कराई जाती रही है, लेकिन आज तक इन विद्यालयों पर कार्रवाई होना तो दूर अधिकारियों ने पुन: इन विद्यालयों में झांका तक नहीं है।
इन विद्यालयों के पास न तो बोर्ड से मान्यता प्राप्त है और सुविधाओं के नाम पर भी विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। भोले-भाले अभिभावकों को बरगलाकर यह विद्यालय अपने यहां पर बच्चों का दाखिला करा लेते हैं, लेकिन स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट लेने, फीस या अन्य किसी विवाद के दौरान इन विद्यालयों की सच्चाई अभिभावकों को पता चलती है।
इसको लेकर कई बार स्थानीय अधिकारियों के पास समय-समय पर शिकायतें भी पहुंचती रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर बस खानापूर्ति की जाती है। इस बार फिर से शिक्षा विभाग की तरफ से गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद करने की कार्रवाई करके सूची मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना यह है कि गत वर्षों की तरह सरकार की तरफ से सूची ही तैयार कराई जाती है या फिर से कार्रवाई के नाम खानापूर्ति की जाएगी।
दो वर्ष पहले तैयार की गई थी जिले के 40 स्कूलों की सूची
दो वर्ष पहले भी शिक्षा विभाग के आदेश पर स्थानीय अधिकारियों की तरफ से जिले के 40 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची तैयार की गई थी। उस सूची शामिल विद्यालयों पर अधिकारियों की तरफ से आज तक कार्रवाई नहीं की गई है।
खबरें और भी
हद तो यह है कि उन विद्यालयों की सूची को सार्वजनिक भी नहीं किया। अगर सूची सार्वजनिक हो जाती तो अभिभावकों काे उनकी जानकारी मिल जाती और वह इन विद्यालयों में अपने बच्चों का दाखिला कराने से बच जाते। लेकिन दो साल बाद भी अभिभावकों के सामने वही स्थिति है। उन्हें विद्यालयाें की मान्यता के बारे में सही जानकारी ही नहीं है।
हमारी एसोसिएशन की तरफ से गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद कराने को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों व जिला प्रशासन को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। लेकिन आज तक उन्हें बंद कराने की कार्रवाई नहीं की गई है। विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से ऐसे स्कूल फल फूल रहे हैं। अधिकारियों की उदासीनता से एसोसिएशन में गहरी नाराजगी है। इसके अलावा जिले में नियमों को ताख पर रखकर धड़ल्ले से प्ले स्कूल भी गलियों में चल रहे हैं। इनमें कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
- रामपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन
जिले में बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों की सूची तैयार कराई जा रही है। सूची तैयार होते ही विभागीय निर्देशानुसार उन पर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय नियमों व आदेशों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।
- राजेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी