विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में सर्विस रोड निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

Updated: Mon, 25 May 2026 04:41 PM (IST)

रेवाड़ी में आरओबी/आरयूबी के बाद संकरी सर्विस रोड से 4000 लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी, आपातकालीन सेवाएं भी नहीं पहुंच पा रही थीं।

सर्विस रोड निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर। एआई जनरेटेड

सर्विस रोड निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर। एआई जनरेटेड

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। शहर से शाहजहांपुर मार्ग (एसएच-15, अनाज मंडी के पास) पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) बनने के बाद सर्विस रोड के निर्माण और इसके लिए आ रही अड़ड़नें जल्द दूर होने की उम्मीद है। इसके लिए बजट की स्वीकृति मिल गई है।

अब इससे वार्ड संख्या 22 और 23 के अंतर्गत आने वाले हंस नगर, न्यू आदर्श नगर, परशुराम कालोनी और कंपनी बाग के करीब चार हजार लोगों को विभिन्न गलियों में आवागमन के लिए राहत मिलेगी।

दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा

इस परियोजना के तहत 3285.77 वर्ग गज (0.679 एकड़) भूमि की खरीद और वहां मौजूद ढांचों को हटाने की अड़चनें दूर हो गई हैं। वर्तमान में यहां केवल छह फीट चौड़ी सर्विस रोड बची हुई है। इस कारण उक्त कालोनियों के नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पुल निर्माण के बाद सड़क इतनी संकरी है कि कालोनी में आपातकालीन सेवाएं जैसे फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और यहां तक कि नगर परिषद की कचरा गाड़ी भी प्रवेश नहीं कर पा रही। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब करीब 25 फीट चौड़ी सर्विस रोड का निर्माण होगा।

करीब 20 करोड़ रुपये की आएगी लागत

इन कालोनियों में आवागमन के लिए बनने वाले सर्विस रोड के लिए 19.98 करोड़ रुपये (लगभग 20 करोड़ रुपये) बजट की स्वीकृति मिली है। इस राशि से 3285.77 वर्ग गज (0.679 एकड़) भूमि की खरीद हो सकेगी। अभी तक यहां केवल छह फीट चौड़ी सर्विस रोड बची है। मंजूरी मिलने से उक्त चार कालोनियों के परिवार की वर्षों से हो रही परेशानी दूर होगी।

भूमि खरीद प्रक्रिया के लिए अधिकारी नियुक्त

वार्ड 22 के नवनियुक्त पार्षद देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस कार्य को सुचारू और पारदर्शी तरीके से तेजी से पूरा करने के लिए हरियाणा राज्य सड़कें और पुल विकास निगम (एचएसआरडीसी) के उपमहाप्रबंधक की ओर से गुरुग्राम के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।