Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेवाड़ी में गोत्र पर बवाल, दूल्हे के घोड़ी चढ़ते ही बरसे ईंट-पत्थर; बावल में तनाव के चलते पुलिस फोर्स तैनात

    Updated: Wed, 11 Mar 2026 01:18 PM (GMT+05:30)

    रेवाड़ी के बावल में मंगलवार रात एक शादी के बनवारा रस्म के दौरान गोत्र विवाद को लेकर दो पक्षों में पथराव हो गया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। सूचना ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बावल में गोत्र विवाद पर शादी रस्म में पथराव

    2. पथराव में तीन लोग घायल, पुलिस बल तैनात

    3. पुलिस की मौजूदगी में बनवारा रस्म संपन्न हुई

    जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी के बावल कस्बे की वाल्मीकि बस्ती में मंगलवार रात गत्र को लेकर विवाद हो गया। शादी से एक दिन पहले बनवारे की रस्म के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई और ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए।

    सूचना मिलने के बाद बावल और कसौला थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बनवारा निकाला गया।

    घोड़ी पर बैठकर निकला था दूल्हा

    बताया जा रहा है कि वाल्मीकि बस्ती निवासी अंकित की शादी 11 मार्च को होनी है। शादी से एक दिन पहले मंगलवार रात करीब नौ बजे बनवारे की रस्म निभाई जा रही थी। दूल्हा घोड़ी पर बैठकर निकल चुका था।

    इसी दौरान बस्ती में मौजूद कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ वहां आ गए और अचानक ईंट-पत्थर बरसाने लगे। अंकित के चाचा पुष्प कुमार के अनुसार, जब बनवारा उनके घर के पास पहुंचा तो कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया।

    इस हमले में उनके बेटे अमित सहित तीन लोगों को चोटें आईं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।

    गोत्र को लेकर जताई जा रही आपत्ति

    पुष्प कुमार ने बताया कि उनकी बस्ती में सारवान गोत्र के परिवार रहते हैं। पहले भी उनके गोत्र और सारवान गोत्र के बीच शादियां हो चुकी हैं और कभी किसी ने आपत्ति नहीं जताई। लेकिन अब उनके भतीजे की शादी सारवान गोत्र की लड़की से होने पर कुछ लोग विरोध कर रहे हैं।

    खबरें और भी

    मोहल्ले में तैनात किया गया पुलिस बल

    बावल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शादी संपन्न होने तक बस्ती में पुलिस की तैनाती रहेगी।

    यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में तेज रफ्तार गाड़ी ने तीन महिलाओं को कुचला, दो की मौके पर ही मौत; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम