विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत कोर्ट में पेशी पर आए दो युवकों पर पार्किंग में हमला, तीन वाहनों में भी तोड़फोड़

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:59 PM (IST)

पानीपत जिला न्यायालय में पेशी पर आए दो युवकों पर वकीलों के चैंबर के पीछे पार्किंग में करीब 10 युवकों ...और पढ़ें

कोर्ट में पेशी पर आए दो युवकों पर पार्किंग में हमला, तीन वाहनों में तोड़फोड़।

कोर्ट में पेशी पर आए दो युवकों पर पार्किंग में हमला, तीन वाहनों में तोड़फोड़।

HighLights

  1. पानीपत कोर्ट में पेशी पर आए दो युवकों पर हमला।

  2. वकीलों के चैंबर के पीछे पार्किंग में हुई वारदात।

  3. हमलावरों ने तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ की, चेन भी छीनी।

जागरण संवाददाता, पानीपत। जिला न्यायालय में पेशी पर आए दो युवकों पर वीरवार दोपहर को वकीलों के चैंबर के पीछे पार्किंग में करीब 10 युवकों ने हमला कर दिया गया। इतना ही नहीं कोर्ट परिसर के साथ गंदे नाले की पटरी पर खड़ी तीन गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है।

आरोप है कि हमलावरों ने अक्षय उर्फ जोंटी और नईम को घेरकर पीटा और जान से मारने की कोशिश की। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वारदात के दौरान अक्षय की सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है।

हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना शहर पुलिस ने अमित की शिकायत पर जतिन उर्फ काटा, सुमित रोर, शुभम भट्टी और वैभव समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने लूट समेत छह गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता अमित अपने साथियों जगत, जगदीप, नईम और अक्षय के साथ वीरवार को जिला कचहरी में पेशी पर आया था। तारीख भुगतने के बाद सभी वकीलों के चैंबर के पीछे से बाहर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान जतिन उर्फ काटा, सुमित रोर, शुभम भट्टी और वैभव ने उनका रास्ता रोक लिया। उनके साथ 8-10 अन्य युवक भी मौजूद थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपितों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान अक्षय और नईम को घेरकर पीटा गया। आरोप है कि दोनों पर डंडों से कई वार किए गए। आरोपितों पर अक्षय की करीब दो तोले की सोने की चेन छीनने का भी आरोप है। इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

फरवरी में भी दर्ज हुआ था मारपीट का मामला

दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। 27 फरवरी को शुभम की शिकायत पर पहले ही एक मामला दर्ज किया गया था। उस शिकायत के अनुसार, 26 फरवरी की रात 15-20 युवक दो कारों और चार बाइक पर सवार होकर शुभम के घर पहुंचे थे। आरोप था कि युवकों ने घर के बाहर खड़ी स्कार्पियो के शीशे तोड़ दिए और गंडासियों से वाहन व घर के गेट को क्षतिग्रस्त किया।

आंगन में खड़ी बाइक में भी तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया था। इसके बाद सुताना गांव के पास शुभम के छोटे भाई सुमित और उसके दोस्त सोहेल पर भी हमला किया था। आरोप था कि सुमित की कार को घेरकर तेजधार हथियारों से हमला किया और दोनों को कार से बाहर निकालकर पीटा गया। इस संबंध में पुलिस पहले ही केस दर्ज कर चुकी है।

वकीलों के चैंबरों के पास हुई घटना से कोर्ट परिसर में सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। सप्ताह में दो बार कोर्ट परिसर में विवाद हो चुका है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को बार की कार्यकारिणी के साथ मीटिंग कर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर सेशन जज, एसपी व चीफ जस्टिस को भी पत्र लिखा जाएगा। -वीरेंद्र मलिक, प्रधान बार एसोसिएशन पानीपत।

वकीलों के चैंबरों की पार्किंग में दो युवकों पर हमला करने के मामले में केस दर्ज कर लिया है। बार व कोर्ट की सुरक्षा को लेकर आडिट किया गया है। कोर्ट व वकीलों के चैंबर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सुरक्षा को लेकर पुलिस टीम परिसर के गेट से लेकर अन्य जगह पर तैनात की गई है। -मेधा भूषण, एसपी पानीपत।