CM सैनी के दौड़े से पहले चमकीं सड़कें, पानीपत में रातभर भरे गए गड्ढे; विपक्ष बोला- काश! आम दिनों में दिखती ऐसी फुर्ती
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पानीपत दौरे से पहले प्रशासन ने शहर की सड़कों की मरम्मत की, गड्ढे भरे और ...और पढ़ें
-1791479669614_m.webp)
सीएम की गाड़ी हिचकोले न खाए, प्रशासन ने भर दिए सड़कों के गड्ढे।
HighLights
मुख्यमंत्री नायब सैनी के पानीपत दौरे से पहले सड़कें दुरुस्त की गईं।
प्रशासन ने गड्ढे भरे, धूल हटाई और अस्थायी अतिक्रमण भी हटाया।
सीएम आर्य पीजी कॉलेज और जैन समाज के कार्यक्रम में होंगे शामिल।
जागरण संवाददाता, पानीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शुक्रवार को पानीपत दौरे से पहले शहर की सड़कों की तस्वीर संवारने में प्रशासन जुटा रहा। मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्ग पर दिनभर सड़क के गड्ढे भरवाए गए। सड़क किनारे जमा मिट्टी और धूल हटाई गई और अस्थायी अतिक्रमण भी साफ कराया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कुछ अस्थायी कट भी बंद किए गए।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और सफाई व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। उनके दौरे में आर्य पीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम और सेक्टर-25 स्थित आरेलिया ग्रैंड बैंक्वेट में जैन समाज के कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री का काफिला मलिक पेट्रोल पंप से सेक्टर-29 रोड स्थित मैरिज गार्डन तक जाएगा। इस मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे थे। प्रशासन की ओर से इन्हें भरवाकर सड़क को समतल कराया गया। सड़क किनारे जमा मिट्टी को हटाया गया, जिससे वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल न उड़े।
नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी देर शाम तक मार्ग की सफाई में जुटे रहे। सड़क किनारे अस्थायी रूप से रखा सामान और अन्य अतिक्रमण हटाया गया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए जगह साफ हुई।
मुख्यमंत्री के आने की सूचना के बाद प्रशासन ने दिन-रात काम कराकर सड़कों के गड्ढे भरवाए हैं। वीआईपी दौरे के समय दिखाई देने वाली यही तत्परता आम दिनों में भी दिखनी चाहिए। सड़कों की नियमित मरम्मत हो और गड्ढों का स्थायी समाधान किया जाए। - कुलदीप राठी, जिलाध्यक्ष इनेलो
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले जिस तेजी से सड़कों की मरम्मत और सफाई की जा रही है, उसी तरह सामान्य दिनों में भी काम होना चाहिए। दशहरा के दौरान हनुमान शोभायात्राएं भी निकलनी हैं, इसलिए उन मार्गों पर भी गड्ढों को दुरुस्त कराया जाए।- रमेश मलिक, जिलाध्यक्ष, ग्रामीण कांग्रेस
वीआईपी दौरे से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने की कोशिश होती है, शहर की अव्यवस्थाएं नजर न आएं। शहर की जर्जर सड़कों पर सरकार लाखों रुपये खर्च करने की बात कहती है, लेकिन इस शहर में गड्ढे ही लोगों की परेशानी बढ़ा रहे है।- देवेंद्र कादियान, राष्ट्रीय महासचिव, जेजेपी
