पानीपत जंक्शन पर टला बड़ा हादसा, चंडीगढ़-दिल्ली ट्रेन के इंजन में शॉर्ट सर्किट से निकला धुआं; 1.5 घंटे खड़ी रही ट्रेन
पानीपत जंक्शन पर चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एक ट्रेन के इंजन में शॉर्ट सर्किट से धुआं निकलने के कारण ट्रेन डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। ...और पढ़ें

इंजन में शार्ट सर्किट से निकला धुआं (फोटो: जागरण)
HighLights
पानीपत जंक्शन पर ट्रेन इंजन में शॉर्ट सर्किट से धुआं निकला।
चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही ट्रेन डेढ़ घंटे तक रुकी रही।
तकनीकी खराबी के कारण रेलवे परिचालन हुआ प्रभावित।
जागरण संवाददाता, पानीपत। चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर नई कोच लेकर जा रही ट्रेन के इंजन में रविवार सुबह 8 बजे अचानक शार्ट सर्किट होने से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलता देख लोको पायलट ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और इंजन की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इंजन में सर्किट के कारण धुआं निकला था। स्थिति गंभीर नहीं होने की पुष्टि के बाद रेलवे अधिकारियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। रेलवे की तकनीकी टीम ने इंजन की जांच की तो इंजन में तकनीकी खराबी होने से फेल हो गया।
इंजन में खराबी आने के कारण नई कोच लेकर जा रही ट्रेन करीब डेढ़ घंटे से जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर खड़ी रही। ट्रेन के खड़े रहने से जंक्शन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ। इस दौरान दूसरी ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर लिया गया, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो और ट्रेनों का संचालन जारी रखा जा सके। स्टेशन अधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया तकनीकी खराबी होने से दिक्कत आई है, दूसरा इंजन आ रहा है उसके बाद गाड़ी को रवाना किया जाएगा।