हरियाणा: राव इंद्रजीत से खींचतान के बाद राव नरबीर रेवाड़ी से हटाए गए, अब झज्जर का संभालेंगे जिम्मा
हरियाणा में जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियों के प्रभारी मंत्रियों की सूची में बदलाव किया गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत से राजनीतिक खींचता ...और पढ़ें

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत (File Photo)
HighLights
राव नरबीर को रेवाड़ी से हटाकर झज्जर भेजा गय
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत से राजनीतिक खींचतान कारण
रेवाड़ी की जिम्मेदारी अब कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा को
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत और प्रदेश सरकार में मंत्री राव नरबीर में राजनीतिक खींचतान किसी से छिपी नहीं। इसका असर जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियों के प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति में भी देखने को मिला है।
प्रदेश सरकार ने वीरवार को जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियों के प्रभारी मंत्रियों की सूची जारी करते हुए राव नरबीर को रेवाड़ी और हांसी की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिस पर राजनीति गरमा गई।
केंद्रीय मंत्री के गृह जिले में इस पर विवाद बढ़ता देख अब राव नरबीर को रेवाड़ी से हटाकर झज्जर में लगाया गया है। साथ ही वह हांसी में भी सुनवाई करेंगे। रेवाड़ी में राव नरबीर की जगह अब कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक लेंगे, जिन्हें पहले झज्जर और पानीपत में लगाया गया था। हालांकि वह पहले की तरह पानीपत भी संभालेंगे।
मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी परिपत्र अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम व सिरसा जिलों की जिला जन संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करेंगे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज यमुनानगर, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार पंचकूला व कुरुक्षेत्र, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा पलवल व सोनीपत, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल नूंह व महेंद्रगढ़ तथा सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा हिसार व चरखी दादरी जिलों की जिला जन संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करेंगे।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा करनाल व कैथल, सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी अंबाला व फतेहाबाद, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी रोहतक, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव फरीदाबाद, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर भिवानी तथा खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम जींद जिले की जिला जन संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करेंगे।