विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चुनाव से पहले पंजाब BJP मजबूत, 500 से अधिक सरपंच और किसान नेताओं ने थामा भाजपा का दामन, हरियाणा के CM ने किया स्वागत

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:00 PM (IST)

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर विकसित पंजाब बनाया जाएगा और हरियाणा की योजनाएं लागू होंगी।

500 से अधिक सरपंच और किसान नेताओं ने थामा भाजपा का दामन। फोटो जागरण

500 से अधिक सरपंच और किसान नेताओं ने थामा भाजपा का दामन। फोटो जागरण

HighLights

  1. मोदी के नेतृत्व में विकसित पंजाब बनाने का वादा।

  2. हरियाणा की कल्याणकारी योजनाएं पंजाब में होंगी लागू।

  3. युवाओं को नशे से बचाना, उद्योग पलायन रोकना प्राथमिकता।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब आज ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां सत्ता, स्थिरता और जनहित के बीच संघर्ष दिखाई दे रहा है। युवाओं के नशे की गिरफ्त में होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो विकास के लिए कड़े फैसले लेने से न डरे और जनता के हित को सर्वोपरि रखे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर विकसित भारत की तर्ज पर विकसित पंजाब बनाने का काम किया जाएगा। साथ ही हरियाणा की कल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में भी लागू किया जाएगा।

संत कबीर कुटीर स्थित आवास पर बुधवार रात को पंजाब के विभिन्न हलकों से आए लोगों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने यह बात कही। इस मौके पर 500 से अधिक सरपंचों, जिला परिषद सदस्यों और किसान संगठन नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने उन्हें पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।

बिना खर्ची-पर्ची सरकारी नौकरियां दी गई

सैनी ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 में से 70 वादे 18 माह में पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में दो लाख से अधिक युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा किसानों की सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद कर रहा है और 12 वर्षों में फसल खराबे के लिए किसानों को 16,500 करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने हरियाणा की खेल नीति की भी सराहना की।

सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं को नशे से दूर करने, उद्योगों का पलायन रोकने, स्टार्टअप को बढ़ावा देने और व्यापारियों के बीच भय का माहौल खत्म करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की पुरानी समृद्धि, पहचान और जनता का भरोसा फिर से कायम किया जाएगा।