कच्ची नौकरियों से 34 लाख वोट कटौती तक... मानसून सत्र से पहले नायब सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस
हरियाणा कांग्रेस ने विधानसभा के मानसून सत्र से पहले सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। वे एचकेआरएन में भर्तियों, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और मतदा ...और पढ़ें

कांग्रेस विधायकों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 19 अगस्त को एचकेआरएन के खिलाफ धरना।
HighLights
कांग्रेस ने मानसून सत्र से पहले सरकार को घेरने की रणनीति बनाई।
एचकेआरएन, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार पर सरकार से जवाब मांगेगी कांग्रेस।
19 अगस्त को एचकेआरएन के खिलाफ कांग्रेस विधायक धरना देंगे।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है। विधानसभा सत्र में कांग्रेस विधायक एचकेआरएन में होने वाली भर्तियों से लेकर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, जलभराव और मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों तक कई मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे।
सत्र से ठीक पहले 19 अगस्त को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) को बंद करने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक धरना देंगे। इसमें विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कांग्रेस सांसद भी शामिल होंगे।
सोमवार को चंडीगढ़ में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में मानसून सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों और सरकार को घेरने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने एचकेआरएन को बंद करने का प्रस्ताव रखा। उनका तर्क था कि निगम के माध्यम से होने वाली कच्ची नौकरियों के बजाय नियमित और पक्की भर्तियों का रास्ता खोला जाना चाहिए। प्रस्ताव पर कांग्रेस विधायक एकजुट नजर आए।
कांग्रेस की रणनीति में एचकेआरएन को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी है। पार्टी का आरोप है कि निगम के जरिए नियमित सरकारी भर्तियों की जगह अस्थायी रोजगार का रास्ता मजबूत किया जा रहा है। कांग्रेस अब इसी मुद्दे को युवाओं की नौकरी और रोजगार सुरक्षा से जोड़कर सरकार के खिलाफ विधानसभा के भीतर और बाहर उठाएगी।
खबरें और भी
34 लाख वोट कटने पर हुड्डा ने विधायकों को चेताया
बैठक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य में 34 लाख वोट काटे जाने पर हैरानी जताई। उन्होंने विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। हुड्डा ने कहा कि कोई गलत वोट नहीं बननी चाहिए और किसी सही मतदाता का वोट नहीं कटना चाहिए।
उन्होंने इसे विधायकों की जिम्मेदारी बताते हुए पूरी गंभीरता से काम करने का आह्वान किया। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में संभावना जताई गई कि विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू हो सकता है। हालांकि इसकी अंतिम तारीख 13 अगस्त को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में तय होगी। कांग्रेस ने संकेत दे दिए हैं कि सत्र के दौरान वह सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
कानून-व्यवस्था से भ्रष्टाचार तक सरकार पर सीधा हमला
बैठक के बाद हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस विधायकों को विधानसभा में पूछे जाने वाले सवालों के साथ-साथ काम रोको और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है और अपराधी हावी हैं।
हुड्डा ने जलभराव की स्थिति और भ्रष्टाचार को भी सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कोई विभाग ऐसा नहीं है, जहां भ्रष्टाचार नहीं है। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाकर सरकार से जवाब मांगेगी।