किसानों के लिए अच्छी खबर, पंचकूला जिले की तीन मंडियों में 1 अक्टूबर से होगी धान की खरीद
पंचकूला जिले की तीन मंडियों में 1 अक्टूबर से धान की खरीद शुरू होगी। हरियाणा सरकार ने ग्रेड-ए धान का ...और पढ़ें

मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पंचकूला, बरवाला और रायपुररानी मंडियों में शुरू होगी खरीद।
ग्रेड-ए धान 2,461, काॅमन धान 2,441 रुपये प्रति क्विंटल।
किसानों के लिए मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। 1 अक्टूबर से पंचकूला, बरवाला और रायपुररानी मंडियों में धान एवं अन्य खाद्यान्नों की खरीद शुरू होगी। राज्य खरीद एजेंसियों हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग काॅरपोरेशन फसल खरीद करेंगे।
हरियाणा सरकार ने ग्रेड-ए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,461 रुपये प्रति क्विंटल और काॅमन धान का एमएसपी 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
मंगलवार को आयोजित बैठक में उपायुक्त ने संबंधित मार्केट कमेटियों के सचिवों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, एमएसपी के बोर्ड, शौचालय, बायोमेट्रिक कांटा, तौल व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी खरीद एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि खरीद प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
ट्रांसपोर्टरों को भी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि खरीद के दौरान फसल के उठान में कोई बाधा न आए। बैठक में एसडीएम पंचकूला मन्नत राणा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जतिन मित्तल, मार्केट कमेटी बरवाला के चेयरमैन देशराज पोसवाल, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
