ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले बेटे का दोस्त बनकर घर में घुसा, गहने चोरी कर हो गया फरार; पंचकूला में वारदात
पंचकूला के सेक्टर-4 में एक व्यक्ति ने ऑस्ट्रेलिया में रह रहे बेटे का दोस्त बनकर बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर विश्वास जीता और मौका पाकर छह सोने की चूड ...और पढ़ें

सेक्टर-4 में हुई वारदात, अलमारी से चूड़ियां चोरी कर लीं और फरार हो गया। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
शातिर ने बेटे का दोस्त बनकर बुजुर्ग महिला को ठगा।
घर में घुसकर छह सोने की चूड़ियां चुराईं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-4 में एक शातिर युवक ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले बेटे का दोस्त बनकर बुजुर्ग महिला के घर में घुस गया और मौका मिलते ही करीब छह सोने की चूड़ियां चोरी कर फरार हो गया।
आरोपित ने महिला का विश्वास जीतने के लिए खुद को उनके बेटे विकास का दोस्त बताया और कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया में उसके साथ काम करता है। महिला की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में अनिता मोदगिल ने बताया कि दोपहर करीब 1:15 बजे उनके घर की डोरबेल बजी। दरवाजा खोलने पर एक युवक बाहर खड़ा था। उसने खुद को उनके बेटे विकास का दोस्त बताते हुए कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया में उसके साथ काम करता है। विश्वास में आकर महिला ने उसे घर के अंदर बुला लिया।
चूड़ियों का डिजाइन देखने के बहाने बनाया भरोसा
महिला ने आरोपित से बेटे से बात करवाने को कहा तो उसने फोन मिलाने का नाटक करते हुए बताया कि विकास सो रहा है। इसके बाद उसने कहा कि उसकी शादी होने वाली है और विकास ने अपनी पत्नी के लिए महिला जैसी चूड़ियां बनवाने की सलाह दी है।
डिजाइन देखने के बहाने उसने महिला से चूड़ियां दिखाने को कहा। महिला ने अलमारी से छह सोने की चूड़ियां निकालकर उसे दिखा दीं। आरोपित ने चूड़ियों को पुराने डिजाइन का बताया। महिला ने उन्हें वापस लेकर साथ वाले कमरे और स्टोर की अलमारी में रख दिया।
इसके बाद महिला आरोपित के लिए चाय बनाने रसोई में चली गईं। उनके पति की तबीयत खराब होने के कारण वह कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपित ने मौका पाकर अलमारी से चूड़ियां चोरी कर लीं और फरार हो गया। पुलिस अब घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित की पहचान में जुटी है।