हरियाणा में खुलेंगे रोजगार के नए अवसर, पंचकूला और गुरुग्राम में विकसित हो रहे AI हब्स; मलेशिया करेगा निवेश
मलेशिया के निवेशक हरियाणा के एआई इकोसिस्टम में निवेश की संभावनाएं तलाशेंगे, जिससे प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ेगा। ...और पढ़ें

मलेशिया (पेनांग) के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव से मुलाकात करते हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
HighLights
मलेशियाई निवेशक हरियाणा के एआई इकोसिस्टम में निवेश तलाशेंगे
प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, रोजगार में सहयोग बढ़ाने पर सहमति
पेनांग के उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सैनी से मुलाकात की
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मलेशिया के निवेशक हरियाणा के एआई इकोसिस्टम में निवेश की संभावनाएं तलाशेंगे। साथ ही निवेश, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, रोजगार तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।
मलेशिया के पेनांग के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव ने सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान देव ने मुख्यमंत्री को सितंबर में पेनांग में एक प्रमुख ऐतिहासिक गुरुद्वारे के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रौद्योगिकी आधारित निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में तेजी से उभर रहा है। राज्य नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई पीढ़ी के उद्योगों के लिए मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पेनांग के उपमुख्यमंत्री और वहां के नेतृत्व को अप्रैल में आयोजित होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने पंचकूला और गुरुग्राम में विकसित किए जा रहे आगामी एआई हब्स का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा और पेनांग के बीच सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं।
हरियाणा ऐसे मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी संबंध स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो राज्य में निवेश, नवाचार और रोजगार के साथ-साथ लोगों के लिए नए अवसरों का सृजन करें। हरियाणा और पेनांग के बीच बढ़ता सहयोग प्रौद्योगिकी, निवेश, कौशल विकास और आर्थिक विकास के क्षेत्र में पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी को नई दिशा प्रदान करेगा।