Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में अब प्राइवेट अस्पतालों और लैब्स की नहीं चलेगी मनमानी, स्वास्थ्य विभाग ने तय की डेंगू टेस्ट की कीमत

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 05:20 PM (IST)

    हरियाणा में निजी अस्पताल अब एलाइजा आधारित डेंगू टेस्ट के लिए अधिकतम 600 रुपये ले सकेंगे, जबकि सरकारी अस्पतालों में मुफ्त प्लेटलेट्स और 27 लैब में मुफ् ...और पढ़ें

    डेंगू टेस्ट के लिए अधिकतम 600 रुपये ले सकेंगे निजी अस्पताल।

    डेंगू टेस्ट के लिए अधिकतम 600 रुपये ले सकेंगे निजी अस्पताल।

    HighLights

    1. निजी अस्पताल डेंगू टेस्ट के लिए अधिकतम 600 रुपये लेंगे

    2. सभी नागरिक अस्पतालों में डेंगू मरीजों को मुफ्त प्लेटलेट्स मिलेंगी

    3. जुलाई को 'डेंगू रोधी महीना' मनाएं, पानी जमा न होने दें

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में निजी अस्पताल या प्राइवेट लैब एलाइजा आधारित एनएस 1 एवं आइजीएम डेंगू टेस्ट के लिए 600 रुपये से अधिक नहीं ले सकेंगे। डेंगू मरीजों को सभी नागरिक अस्पताल में मुफ्त प्लेटलेट्स उपलब्ध कराई जाएंगी। 27 सरकारी प्रयोगशाला में डेंगू की मुफ्त जांच कराई जा सकेगी।

    मानसून की दस्तक के साथ ही स्वास्थ्य विभाग डेंगू को लेकर सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आओ मिलकर डेंगू रोकें का नारा देते हुए आमजन से जुलाई महीने को डेंगू रोधी महीने के रूप में मनाने का आह्वान किया है। साथ ही अपने आस-पास पानी जमा न होने देने की अपील की है।

    डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो मुख्य रूप से दिन के समय काटता है और हमेशा रुके हुए साफ पानी में ही पनपता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी लोग प्रत्येक रविवार को अपने घरों में और शुक्रवार को अपने कार्यालयों में 'सूखा दिवस' जरूर मनाएं।

    इस दिन पानी के बर्तनों, कूलर, टंकी, फ्रिज के पीछे बनी ट्रे, गमले तथा गमलों के नीचे रखी ट्रे को खाली करके कम से कम 24 घंटे तक सुखाएं ताकि मच्छर के अंडे और लारवा पूरी तरह नष्ट हो जाएं।

    खबरें और भी

    छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन लगाकर बंद रखें तथा छत पर पड़े बेकार प्लास्टिक के सामान, पुराने टायर और नारियल के खोल आदि को हटा दिया जाए। गड्ढों को मिट्टी से भरवा दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छर रोधी क्रीम या कीटनाशक से उपचारित मच्छरदानी का उपयोग करें।

    अकस्मात तेज बुखार होना, अचानक तेज सिर दर्द, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द होना इसके मुख्य लक्षण हैं। इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अपने नजदीकी चिकित्सा केंद्र में जाकर खून की मुफ्त जांच करवाएं। हमेशा चिकित्सक की सलाह से ही दवाई खाएं और भूलकर भी स्वयं कोई दवा न लें।