जंतर-मंतर प्रदर्शन का पोस्ट शेयर करने पर गिरी गाज, हरियाणा में DME अधिकारी सस्पेंड
फतेहाबाद के जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी सुल्तान सिंह को व्हाट्सएप पर कथित पोस्ट साझा करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी सुल्तान सिंह। फाइल फोटो
HighLights
फतेहाबाद के डीएमईओ सुल्तान सिंह व्हाट्सएप पोस्ट विवाद में निलंबित।
निलंबन का कारण जंतर-मंतर प्रदर्शन से संबंधित कंटेंट शेयर करना।
सुल्तान सिंह आरोपों से इनकार कर हाईकोर्ट जाने की तैयारी में।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने फतेहाबाद में कार्यरत जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी सुल्तान सिंह को निलंबित कर दिया है। मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह के आदेशानुसार, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला निर्धारित किया गया है, जिसे वे बिना अनुमति नहीं छोड़ सकेंगे।
यद्यपि आधिकारिक आदेश में कार्रवाई का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन सूत्रों के अनुसार जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ा कंटेंट व्हाट्सएप पर शेयर होने की शिकायत पर यह गाज गिरी है। दूसरी ओर, सुल्तान सिंह ने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि वे इंटरनेट मीडिया का इस्तेमाल नहीं करते।
हाईकोर्ट का खटखटाएंगे दरवाजा
विभाग ने बिना कोई विवादित पोस्ट दिखाए निलंबन आदेश जारी कर दिए, जिसके खिलाफ अब वे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। नरवाना के सुरजाखेड़ा निवासी सुल्तान सिंह को कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला का करीबी माना जाता है और कुछ माह पूर्व ही वे मेवात से स्थानांतरित होकर फतेहाबाद आए थे।
सुल्तान सिंह 5 जून 2020 को भी खासे सुर्खियों में रहे थे, जब हिसार की बालसमंद मंडी में भाजपा नेत्री एवं टिकटाक स्टार (स्वर्गीय) सोनाली फोगाट ने अभद्रता का आरोप लगाकर उनकी थप्पड़ व सैंडल से पिटाई कर दी थी।
