Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा कांग्रेस में कलह खत्म करने का प्रयास जारी, राहुल गांधी ने प्रभारी संजय दत्त को दिया फ्री हैंड

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 07:56 PM (IST)

    हरियाणा कांग्रेस में चल रही गुटबाजी पर राहुल गांधी ने संज्ञान लिया है और प्रभारी संजय दत्त को संगठन मजबूत करने के लिए स्वतंत्र रूप से काम करने के निर् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. राहुल गांधी ने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त से मुलाकात की

    2. संजय दत्त को संगठन मजबूत करने के लिए स्वतंत्र काम करने के निर्देश

    3. 19 जुलाई से संजय दत्त हरियाणा में जिला स्तरीय दौरे करेंगे

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से चल रही गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान को नजदीक से महसूस करने के बाद मंगलवार को पार्टी प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त ने लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।

    लगातार पांच दिनों तक प्रदेश के नेताओं और संगठन के विभिन्न स्तरों पर मंथन के बाद संजय दत्त की राहुल गांधी के साथ हुई इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संजय दत्त ने अपनी प्राथमिक रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंप दी है, जिसके बाद राहुल गांधी द्वारा उन्हें बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

    संजय दत्त ने अपने हालिया हरियाणा दौरे के दौरान चंडीगढ़ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, चुनाव हार चुके प्रत्याशियों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों और पार्टी के अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों से अलग-अलग बैठकें की थीं।

    इन बैठकों में संगठन की स्थिति के साथ-साथ नेताओं के बीच गुटबाजी, आपसी आरोप-प्रत्यारोप और समन्वय की कमी जैसे मुद्दे खुलकर सामने आए। सूत्रों के अनुसार इन बैठकों का पूरा फीडबैक राहुल गांधी को सौंप दिया गया है।

    पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी ने प्रदेश प्रभारी को संगठन को मजबूत करने के लिए बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से काम करने का संदेश दिया है। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं का भरोसा मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

    C-378-1-HIR1083-341347 (1)

    अब संजय दत्त 19 जुलाई से हरियाणा के जिला स्तरीय दौरों की शुरुआत करेंगे। इन दौरों के दौरान वे जिला एवं ब्लाक स्तर के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। उद्देश्य केवल संगठन की वास्तविक स्थिति जानना ही नहीं, बल्कि गुटबाजी को कम कर पार्टी को एकजुट करना होगा।

    खबरें और भी

    हरियाणा कांग्रेस पिछले कुछ समय से नेतृत्व की खींचतान और विभिन्न गुटों के बीच सार्वजनिक बयानबाजी के कारण लगातार चर्चा में रही है। विधानसभा चुनाव के बाद भी संगठनात्मक एकजुटता का अभाव कई मौकों पर दिखाई दिया।

    ऐसे में राहुल गांधी से प्रभारी की यह बैठक और उसके तुरंत बाद शुरू होने वाले जिला दौरे इस बात के संकेत माने जा रहे हैं कि केंद्रीय नेतृत्व अब संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित करने और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को मजबूत आधार देने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। आने वाले दिनों में प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर संगठनात्मक बदलाव और नई जिम्मेदारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

    हरियाणा के संगठन को लेकर जरूरी दिशा निर्देश मिले: संजय दत्त

    राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात के बाद प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश मिले हैं। कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य मजबूत, सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ा संगठन तैयार करना है, जिसके लिए प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ निरंतर संवाद एवं संगठन विस्तार का अभियान जारी रहेगा।

    संजय दत्त ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा कांग्रेस संगठन को अधिक मजबूत, गतिशील एवं जनोन्मुखी बनाया जाएगा। पार्टी प्रदेश के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को नई गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।