'पंजाब के वादों का हिसाब दें, हरियाणा की चिंता छोड़ें', CM नायब सैनी का भगवंत मान पर तीखा पलटवार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब के सीएम भगवंत मान पर तीखा हमला बोला, कहा कि वे पंजाब के वादों का हिसाब दें और हरियाणा की चिंता छोड़ें। ...और पढ़ें
-1786357246429_m.webp)
CM नायब सैनी का भगवंत मान पर तीखा पलटवार (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा की राजनीति के बीच बढ़ती तल्खी सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेस कान्फ्रेंस में खुलकर सामने आई। हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नायब सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पंजाब में जनता से किए वादे पूरे करने में नाकाम रहे भगवंत मान अब हरियाणा की चिंता कर रहे हैं। यहां तक कि उन्हें अब सपने में भी हरियाणा का मुख्यमंत्री दिखाई देने लगा है।
नायब सैनी ने कहा कि भगवंत मान को हरियाणा पर टिप्पणी करने से पहले पंजाब की जनता को अपने वादों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज पंजाब की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर अब पेंशन और महिलाओं से जुड़े लाभों की घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं को लाभ देना था तो सरकार ने पहले साल से ही यह व्यवस्था क्यों नहीं की।
भिवानी के पेपर लीक आरोप पर सीएम ने मांगा प्रमाण
पंजाब के मुख्यमंत्री की ओर से हरियाणा के भिवानी में कथित पेपर लीक गैंग को लेकर दिए गए बयान पर नायब सैनी ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि पंजाब सरकार के पास कोई ठोस जानकारी है तो वह अपनी पुलिस से कार्रवाई क्यों नहीं करवाती।
बिना तथ्यों के आरोप लगाना राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा कुछ नहीं है। उन्होंने भिवानी को ‘छोटी काशी’ बताते हुए कहा कि इसी क्षेत्र के खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
सैनी ने आम आदमी पार्टी के ‘कट्टर ईमानदार’ होने के दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की मौजूदा स्थिति को देखकर यह समझना मुश्किल है कि यह कैसी ईमानदारी है। कांग्रेस के बाद पंजाब में आप ने भी जनता को निराश किया है।
खबरें और भी
नायब सैनी की प्रेस कान्फ्रेंस के प्रमुख बिंदु
- भाजपा का गठबंधन पंजाब के लोगों से है, किसी एक दल से नहीं
- सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री से मुलाकात सामान्य राजनीतिक संवाद
- पंजाब में भाजपा के पक्ष में माहौल बनने और आगामी समय में भाजपा सरकार बनने का दावा
- हरियाणा में महिलाओं के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर किसी मौजूदा लाभार्थी का लाभ नहीं काटने का आश्वासन
- 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं सितंबर में आवेदन कर सकेंगी।
विपक्ष के खिलाफ ‘पुराना शासन बनाम नया शासन’ का नैरेटिव
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि नई पीढ़ी को कांग्रेस शासन की वास्तविकता बताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंच रहा है। सैनी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी भी दी।
इसके साथ ही उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन बताते हुए कहा कि नौ अगस्त से नारनौल में तिरंगा यात्राओं की शुरुआत हो चुकी है और प्रदेशभर में युवा इसमें भाग ले रहे हैं। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल पर उन्होंने कहा कि सरकार की कर्मचारियों से बातचीत जारी है और समस्याओं का समाधान संवाद के जरिए निकालने का प्रयास किया जा रहा है।