Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर शादी के 20 दिन बाद ही विवाहिता ने की आत्महत्या

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 03:47 PM (IST)

    पलवल के होडल थाना क्षेत्र में शादी के महज 20 दिन बाद एक नवविवाहिता ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लै ...और पढ़ें

    एक नवविवाहिता ने अपने मायके में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।

    एक नवविवाहिता ने अपने मायके में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।

    HighLights

    1. नवविवाहिता ने शादी के 20 दिन बाद की आत्महत्या।

    2. अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेलिंग बनी मौत का कारण।

    3. पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

    जागरण संवाददाता, पलवल। होडल थाना अंतर्गत एक गांव में शादी के महज 20 दिन बाद एक नवविवाहिता ने अपने मायके में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका के स्वजन का आरोप है कि एक युवक उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे प्रताड़ित होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। होडल थाना पुलिस ने मृतका के चाचा की शिकायत पर आरोपित युवक, उसकी बहन समेत कुल पांच लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

    पुलिस को दी गई शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी बीते 19 जुलाई को मुंडकटी थाना अंतर्गत एक गांव में हुई थी। शादी के बाद वह अपने मायके आई हुई थी। आठ अगस्त 2026 की सुबह उसकी भतीजी ने घर के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

    लगातार फोन करके कर रहा था ब्लैकमेल

    शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हसनपुर थाना अंतर्गत इलाहाबाद गांव निवासी जाहुल की रिश्तेदारी उनके गांव में थी। जाहुल के पास उसकी भतीजी के अश्लील फोटो और वीडियो थे, जिनके जरिए वह उसे लगातार फोन करके ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि जाहुल के इस कृत्य में उसकी बहन शाहिना, उसका पति मजरुद्दीन, आशिक और असगर भी पूरी तरह शामिल थे और जाहुल का साथ दे रहे थे।

    स्वजन का कहना है कि उन्होंने शादी से पहले भी आरोपितों को कई बार समझाया था, लेकिन आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

    होडल थाना जांच अधिकारी सुभाष चंद के अनुसार मृतका के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- पलवल में 3 करोड़ से बनी सड़क 4 महीने में उधड़ी, हसनपुर-माहोली मार्ग गड्ढों में बदला; निर्माण पर सवाल

    खबरें और भी