'मामा की लड़की से ही करूंगा शादी...', जिद में टावर पर चढ़ा युवक; 5 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
नूंह के अलीपुर तिगरा गांव में एक युवक अपनी मामा की बेटी से शादी की जिद को लेकर 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब पांच घंटे के हाईवोल्टेज ड्राम ...और पढ़ें
-1786380883029_m.webp)
जिद में टावर पर चढ़ा युवक। जागरण
HighLights
युवक मामा की बेटी से शादी की जिद पर अड़ा।
नूंह के अलीपुर तिगरा गांव में 100 फीट टावर पर चढ़ा।
शादी का आश्वासन मिलने पर 5 घंटे बाद नीचे उतरा।
जागरण संवाददाता, नूंह। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के अलीपुर तिगरा गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 19 वर्षीय युवक शादी की जिद को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपने मामा की बेटी से शादी करने की मांग पर अड़ा था।
करीब पांच घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद स्वजन और ग्रामीणों ने शादी कराने का आश्वासन देकर युवक को टावर से नीचे उतारा। युवक की पहचान कैफ निवासी अलीपुर तिगरा के रूप में हुई है, जो ट्रक चालक है।
अपनी जिद पर अड़ा रहा
जानकारी के अनुसार, कैफ सोमवार सुबह करीब सात बजे गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया और नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
किसी दूसरी लड़की से शादी नहीं करूंगा
कैफ के पिता अब्दुल रहीम ने बताया कि उनके साले ने पहले से ही कैफ की शादी अपनी बेटी से कराने का आश्वासन दिया हुआ था। बाद में लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर कैफ टावर पर चढ़ गया। वह बार-बार कह रहा था कि वह शादी करेगा तो केवल अपने मामा की बेटी से ही करेगा, किसी अन्य लड़की से शादी नहीं करेगा।
खबरें और भी
पुलिस और ग्रामीणों ने युवक को काफी देर तक समझाया। करीब साढ़े 12 बजे जब उसे आश्वासन दिया गया कि उसकी शादी उसी लड़की से कराई जाएगी तो वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।
इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिरोजपुर झिरका सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि युवक पारिवारिक विवाद के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। मामले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।