ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर से अनुचित सवाल पूछने का मामला गर्माया, खेल मंत्री से की शिकायत
ओलिंपियन संदीप कुमार पूनिया ने मनु भाकर से अनुचित सवाल पूछे जाने पर केंद्रीय खेल राज्य मंत्री को पत्र लिखा ...और पढ़ें

HighLights
संदीप पूनिया ने मनु भाकर घटना पर खेल मंत्री को पत्र लिखा।
एनआरएओआई समारोह में मनु भाकर से अनुचित सवाल पूछा गया था।
पूनिया ने खिलाड़ियों के मनोबल पर पड़ने वाले प्रभाव पर चिंता जताई।
जागरण संवाददाता, नारनौल। जिले के गांव सुरहेती पिलानिया के रहने वाले ओलिंपियन संदीप कुमार पूनिया ने केंद्रीय राज्य मंत्री (युवा कार्य एवं खेल) रक्षा निखिल खडसे को पत्र लिखकर ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर के साथ हुई अनुचित घटना के संबंध में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने लिखा है कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएओआइ) के 75वें स्थापना समारोह के दौरान देश की गौरवशाली ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर, जो आज़ाद भारत के इतिहास में एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनसे जानबूझकर एक विवादास्पद एवं असंगत प्रश्न पूछा गया।
सोशल मीडिया पर अनर्गल मीम्स वायरल
यह भी संदेह है कि यह कृत्य किसी के प्रभाव या प्रलोभन में आकर किया गया हो। उक्त घटना के बाद सोशल मीडिया पर अत्यंत आपत्तिजनक और अनर्गल मीम्स व टिप्पणियां वायरल हो रही हैं, जिनसे ओलिंपिक पदक विजेता की गरिमा को ठेस पहुंच रही है।
इस स्थिति के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वहीं व्यक्ति जिम्मेदार प्रतीत होता है, जिसने इस प्रकार का प्रश्न पूछकर अनावश्यक विवाद को जन्म दिया। शूटिंग एक अत्यंत एकाग्रता और मानसिक संतुलन का खेल है। ऐसे अनावश्यक और विवादित प्रश्न खिलाड़ियों का ध्यान भटका देते हैं, जिससे उनके प्रदर्शन पर सीधा प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
यह न केवल संबंधित ओलिंपिक पदक विजेता के साथ अन्याय है, बल्कि देश के खेल वातावरण के लिए भी हानिकारक है। यदि इस घटना पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी इस प्रकार से अनावश्यक रूप से विचलित किया जाता रहेगा।
