नारनौल के मोहित जिंदल बने बॉलीवुड के 'झक्कास' स्टार अनिल कपूर के मेहमान, 'इंडिया के टॉप 1%' शो के लिए हुआ चयन
नारनौल के 41 वर्षीय व्यापारी मोहित जिंदल का अनिल कपूर के फैमिली गेम शो 'इंडिया के टॉप 1%' के लिए चयन हुआ है।

अनिल के शो में नारनौल के लाल
जागरण संवाददाता, नारनौल। शहर के 41 वर्षीय व्यापारी मोहित जिंदल का स्टार प्लस और जियो हाटस्टार पर प्रसारित होने वाले अभिनेता अनिल कपूर के फैमिली गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ के लिए चयन हुआ है।
शो में देशभर से चुने गए प्रतिभागी बुद्धिमत्ता, रीजनिंग और सामान्य ज्ञान के आधार पर एक-दूसरे से मुकाबला करेंगे। इसमें प्रतिभागियों को एक करोड़ रुपये तक की इनामी राशि जीतने का मौका मिलेगा।
मोहित ने बताया कि एक दिन परिवार के साथ टीवी देखते समय उन्होंने शो का विज्ञापन देखा। इसमें आडिशन के लिए आवेदन मांगे जा रहे थे। परिवार के प्रोत्साहन पर उन्होंने एक मिनट का अपना वीडियो बनाकर भेज दिया।
ऐसे हुए शो के लिए सेलेक्ट
वीडियो पसंद आने के बाद उन्हें लाइव ऑडिशन के लिए बुलाया गया। ऑडिशन में 13 सवाल पूछे गए, जिनमें उन्होंने 11 के सही जवाब दिए। इसके बाद शो की टीम ने उनका चयन कर लिया।
अब मोहित को 20 अगस्त को शो की रिकार्डिंग के लिए बुलाया गया है। इस दौरान वह अनिल कपूर के साथ मंच साझा करेंगे और उनके सामने गेम खेलेंगे। चयन के बाद से वह रीजनिंग और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों का लगातार अभ्यास कर रहे हैं।
मोहित शहर की कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े रहे हैं। वह अग्रवाल वैश्य समाज के जिला उपाध्यक्ष और हरियाणा व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उनके चयन से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
