महेंद्रगढ़ में कछुए के नाम पर पांच लाख का 'खेल', 5 आरोपी गिरफ्तार; चार लाख और दो बाइक बरामद
महेंद्रगढ़ पुलिस ने कछुआ दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लाख ...और पढ़ें

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपित। सौ. पीआरओ
HighLights
कछुआ दिलाने के नाम पर पांच लाख की ठगी।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार।
चार लाख रुपये और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। कछुआ दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आने के बाद महेंद्रगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी के खेल में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार लाख रुपये की रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात में एक-दो नहीं, बल्कि पांच लोग संलिप्त थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि जेरपुर निवासी राहुल ने 30 जुलाई को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार दो युवकों ने उसके पिता को कछुआ उपलब्ध कराने की बात कही और खरीद-फरोख्त के नाम पर सौदा तय किया। इसके बाद उन्हें सेहलंग रोड पर बुलाया गया। यहां पांच लाख रुपये लेने के बाद आरोपित कछुआ लेकर वहां से निकल गए।
पुलिस ने जांच के आधार पर पांच अगस्त को सीताराम निवासी बास खुड़ाना और श्योराम निवासी कोला का बास, अलवर को गिरफ्तार किया। छह अगस्त को दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने चार लाख रुपये और दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
जांच आगे बढ़ी तो सात अगस्त को धौलू बावरिया निवासी बावरिया की ढाणी, निम्बी, जयपुर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद बास खुड़ाना निवासी गोपाल और उसकी पत्नी कैलाशी देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों को अदालत में पेश करने के बाद नसीबपुर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अनजान लोगों को रकम न दें और संदिग्ध खरीद-फरोख्त की सूचना तुरंत पुलिस को दें।