दिल्ली-गुरुग्राम जाने वाले ध्यान दें, अगले दो दिन महेंद्रगढ़ से भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक
महेंद्रगढ़ पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है और 13 से 15 अगस्त तक गुरुग्राम-दिल्ली जाने वाले ...और पढ़ें
-1786361700374_v-1786532672902_m.webp)
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
स्वतंत्रता दिवस के लिए महेंद्रगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ी।
गुरुग्राम-दिल्ली भारी वाहनों पर 13 से 15 अगस्त तक रोक।
पुलिस ने संदिग्ध वस्तुओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
जागरण संवाददाता, नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। बृहस्पतिवार से 15 अगस्त तक गुरुग्राम-दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों और थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश जारी किए है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए भी अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। विभिन्न चौराहों और भीड़ भाड़वाले स्थानों पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई हैं। जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा को देखते हुए शहर के मुख्य स्थानों, होटलों, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउस, रिजोर्ट, सराय, ढाबों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल, तेल डिपो, बस अड्डा के आसपास गहनता से सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
यात्रियों को लावारिस वस्तुओं को नहीं छूने की अपील
जिला महेंद्रगढ़ पुलिस ने भीड़-भाड़ वाली जगह व बस स्टैंड पर यात्रियों को लावारिस वस्तुओं को नहीं छूने की अपील की है। यदि इन स्थानों पर कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देती है तो इसकी सुचना नजदीकी थाना या डायल 112 नंबर पर दें। जिला महेंद्रगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस नाके लगाए गए हैं तथा राइडर व पीसीआर द्वारा गश्त की जा रही है।
गुरुग्राम-दिल्ली की तरफ यात्रा करने से बचें भारी वाहन चालक
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आमजन की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए 13 अगस्त को दोपहर 01:30 बजे तक व 14 अगस्त को दोपहर तीन बजे से 15 अगस्त दोपहर दो बजे तक गुरुग्राम, दिल्ली जाने वाले भारी मालवाहक/वाणिज्य वाहनों के जाने पर रोक लगाई गई है।
इन मार्गों का करें इस्तेमाल
जिला पुलिस ने सभी भारी मालवाहक/वाणिज्य वाहन चालकों से अपील की है की उपरोक्त इन दिनों एनएच-48 का प्रयोग करके गुरुग्राम-दिल्ली की तरफ यात्रा करने से परहेज करें तथा अधिक आवश्यकता होने पर एनएच-352 का प्रयोग करें।
जिला पुलिस द्वारा जयपुर से दिल्ली, गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-48 से एनएच-352 पर डाइवर्ट किया गया है। इसलिए दिल्ली एवं गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहन एनएच-352 का प्रयोग करें या दूसरे अन्य वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें।
