हरियाणा के गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर गिरेगी गाज, शिक्षा विभाग ने दिया एक्शन का आदेश
शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं। ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें सोमवार से इन स्कूलों का सर् ...और पढ़ें

HighLights
शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूल बंद करने के आदेश दिए।
महेंद्रगढ़ में सोमवार से टीमें सर्वे कर कार्रवाई शुरू करेंगी।
हजारों बच्चों के भविष्य पर पड़ सकता है गहरा असर।
जागरण संवाददाता, नारनौल। शिक्षा विभाग ने प्रदेश में सभी गैर मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को तुरंत प्रभाव से बंद करने के आदेश दे दिए हैं। निदेशालय ने ये आदेश चार अगस्त को जारी किए थे, लेकिन महेंद्रगढ़ जिले में राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन होने की वजह से यह कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो पाया।
शिक्षा विभाग ने इसके लिए संबंधित ब्लाक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर दी है। यह टीम संबंधित ब्लाक में गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों का सर्वे करने के साथ ही बंद करने का कार्य करेगी।
संभावना है कि सोमवार से यह कार्य जिले में शुरू हो जाएगा, क्योंकि रविवार को राज्य स्तरीय हाफ मैराथन समाप्त हो गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास फिलहाल ऐसा डाटा नहीं है, कि जिले में कितने गैर मान्यता प्राप्त स्कूल है। यह कार्य भी सोमवार से ही शुरू होगा।
अंधकार में बच्चों का भविष्य
अधिकारियों की टीम के फील्ड में उतरने के बाद बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। उधर, निजी स्कूल संचालकों का तर्क है कि विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई किए जाने से हजारों बच्चों का भविष्य अंधकार में चला जाएगा। क्योंकि उनके दाखिले हो चुके हैं और स्कूल बंद हुए तो अब वे कहां जाएंगे।
उधर जिला शिक्षा अधिकारी विश्वेश्वर कौशिक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि निदेशालय का पत्र मिल चुका है। इसके लिए बीईओ की अध्यक्षता में टीमें गठित की हुई हैं। अभी तक हाफ मैराथन की तैयारियों में व्यस्त थे, लेकिन सोमवार से टीमें फील्ड में उतरेंगी। निदेशालय के आदेशों की पालना हर हाल में करवाई जाएगी।