कुरुक्षेत्र में झाड़ियों में मिली 15 दिन की नवजात बच्ची, चेहरे और शरीर पर चोट के निशान; पुलिस ने शुरू की जांच
शाहाबाद में बराड़ा रोड पर झाड़ियों में 15 दिन की एक नवजात बच्ची गंभीर हालत में मिली, जिसके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान थे।
-1791475539814_m.webp)
सड़क किनारे झाड़ियों में मिली 15 दिन की नवजात बच्ची, चेहरे और शरीर पर चोट के निशान।
HighLights
शाहाबाद में बराड़ा रोड पर झाड़ियों में नवजात बच्ची मिली
बच्ची के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मौजूद थे
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद सूत्र, शाहाबाद। बराड़ा रोड पर पटाखा फैक्ट्री के पास सड़क किनारे झाड़ियों में वीरवार की सुबह करीब 15 दिन की एक नवजात बच्ची मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची को किसी ने अलसुबह सुनसान जगह पर छोड़ दिया था। समय रहते एक महिला की नजर बच्ची पर पड़ी।
बच्ची के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उसकी आंखों के आसपास चींटियों के काटने के निशान भी बताए जा रहे हैं। बच्ची मिलने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से उसे शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भेज दिया है।
दूध लेने जा रही थी प्रवीन बेगम की अचानक बच्ची पर पड़ी नजर
बराड़ा रोड के समीप कालोनी में रहने वाली प्रवीन बेगम ने बताया कि वह वीरवार सुबह करीब 7 बजे दूध लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर सड़क के किनारे जंगलात की जमीन में पड़ी बच्ची पर गई।
जब उसने बच्ची को देखा तो उसकी सांसें चल रही थीं। मौके पर पहुंचे किसान जोरा सिंह पाडलु ने इसकी जानकारी शाहाबाद पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने बच्ची की हालात देखकर आशंका जताई कि बच्ची को अलसुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच यहां लाकर छोड़ा गया होगा।
अस्पतालों में प्रसव का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
सिटी चौकी प्रभारी मांगे राम ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन अस्पतालों का रिकॉर्ड खंगाल रही है, जहां गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी हुई है। पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि बराड़ा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
