हरियाणा में बंपर भर्ती: रेलवे पुलिस में पूर्व सैनिकों के लिए नौकरी का मौका; 158 SPO के पदों निकली वैकेंसी
रेलवे पुलिस हरियाणा में पूर्व सैनिकों के लिए 158 विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) पदों पर भर्ती निकली है। यह भर्ती प्रक्रिया 17, 18 और 19 अगस्त 2026 को अंबाल ...और पढ़ें
-1786358421534_m.webp)
रेलवे पुलिस में पूर्व सैनिकों के लिए नौकरी का मौका, 158 एसपीओ पदों पर भर्ती। एआई जेनरेटेड तस्वीर।
HighLights
रेलवे पुलिस में 158 विशेष पुलिस अधिकारी पदों पर भर्ती
पूर्व सैनिकों के लिए एक वर्ष के अनुबंध पर नियुक्ति
भर्ती प्रक्रिया 17-19 अगस्त 2026 को अंबाला में
जागरण संवाददाता, करनाल। राजकीय रेलवे पुलिस, हरियाणा में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार का अवसर आया है। रेलवे पुलिस ने विशेष पुलिस अधिकारी के 158 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए कार्यक्रम जारी किया है। भर्ती प्रक्रिया 17, 18 और 19 अगस्त 2026 को सुबह नौ बजे से राजकीय रेलवे पुलिस लाइन, अंबाला छावनी में आयोजित की जाएगी।
इन पदों पर हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल से हटाए गए पात्र भूतपूर्व सिपाहियों तथा हरियाणा के सेवानिवृत्त सैनिकों को एक वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध आधार पर नियुक्त किया जाएगा।
भर्ती के लिए आवेदक की आयु 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 102 निर्धारित की गई है। साथ ही आवेदक को अनुशासनहीनता, कदाचार अथवा चिकित्सा कारणों से सेवा से हटाया गया नहीं होना चाहिए।
जिलेवार तीन दिन चलेगी भर्ती प्रक्रिया
पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत, रेलवे, हरियाणा, अंबाला छावनी के जारी कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को कालका, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, जगाधरी, कुरुक्षेत्र और करनाल जीआरपी थानों से संबंधित अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 18 अगस्त को पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और गुरुग्राम थानों के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
वहीं, 19 अगस्त को रेवाड़ी, रोहतक, बहादुरगढ़, जींद, हिसार और सिरसा थानों से संबंधित अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह नौ बजे राजकीय रेलवे पुलिस लाइन, अंबाला छावनी में उपस्थित होना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुबह नौ बजे के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
खबरें और भी
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एचएसआइएसएफ से हटाए जाने का प्रमाणपत्र अथवा सेवानिवृत्त सैनिक होने का प्रमाण-पत्र, डिस्चार्ज बुक, चार पासपोर्ट साइज फोटो, आयु प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज और अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं सत्यापित प्रतियां साथ लानी होंगी। नियुक्ति एक वर्ष के अनुबंध आधार पर होगी।
निर्धारित मासिक मानदेय अभ्यर्थी के बैंक खाते में दिया जाएगा। वर्दी और जूते आदि के लिए 3,000 रुपये एकमुश्त तथा सरकारी यात्रा पर 150 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा। नियमानुसार आकस्मिक अवकाश की सुविधा भी मिलेगी।
नजदीकी थाने में मिलेगी तैनाती
एसपीओ को उनके गृह थाने में तैनात नहीं किया जाएगा। यथासंभव उन्हें नजदीकी थाने में ड्यूटी दी जाएगी, हालांकि आवश्यकता के अनुसार दूसरे जिले में भी तैनाती की जा सकती है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता की स्थिति में बिना नोटिस सेवा समाप्त की जा सकती है। भर्ती में शामिल होने वाले पूर्व सैनिकों को निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर सभी दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।