Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में साहिल भेरों बने हरियाणा के नए शतरंज चैंपियन, 40वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मारी बाजी

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 01:08 PM (IST)

    फतेहाबाद के साहिल भेरों ने करनाल में आयोजित 40वीं ओपन हरियाणा स्टेट एफआईडीई रेटेड शतरंज चैंपियनशिप-2026 का खिताब जीता। ...और पढ़ें

    साहिल भेरों बने हरियाणा के नए शतरंज चैंपियन (फोटो: जागरण)

    साहिल भेरों बने हरियाणा के नए शतरंज चैंपियन (फोटो: जागरण)

    जागरण संवाददाता, करनाल। रेड कार्पेट लांस, आइटीआइ चौक, करनाल में आयोजित 40वीं ओपन हरियाणा स्टेट एफआइडीइ रेटेड शतरंज चैंपियनशिप-2026 का रविवार को रोमांचक समापन हुआ।

    प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फतेहाबाद के साहिल भेरों ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल सात अंक हासिल कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

    प्रतियोगिता का आयोजन कर्ण नगरी चेस एसोसिएशन, करनाल की ओर से अध्यक्ष साहिल सुखीजा की अगुवाई में किया गया। टूर्नामेंट स्विस सिस्टम के आधार पर आठ राउंड में खेला गया। शीर्ष खिलाड़ियों के बीच पूरे टूर्नामेंट में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

    फतेहाबाद के साहिल भेरों ने सात अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। पंचकूला के कृष्ण कुंडू ने भी सात अंक अर्जित किए और उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं फरीदाबाद के केशव अरोड़ा ने सात अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीनों खिलाड़ियों के समान अंक होने के कारण अंतिम रैंकिंग का फैसला निर्धारित टाई-ब्रेक नियमों के आधार पर किया गया।

    60 मिनट का समय, हर चाल पर 30 सेकेंड की बढ़ोतरी

    चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को प्रत्येक बाजी के लिए 60 मिनट का समय दिया गया। इसके साथ प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड का इंक्रीमेंट भी निर्धारित था। प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ से रेटेड किया गया था, जिससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अंतरराष्ट्रीय रेटिंग में भी महत्व रहा।

    प्रतियोगिता में फतेहाबाद, पंचकूला और फरीदाबाद के अलावा रोहतक, भिवानी, सोनीपत और गुरुग्राम समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों ने हरियाणा में शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता और मजबूत होती प्रतिभा को प्रदर्शित किया।

    खबरें और भी