Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में पुलिस खंगाल रही शूटरों के इंस्टाग्राम, खुलेंगे कई अहम राज

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 10:56 PM (IST)

    करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड की जांच में पुलिस मृतक और मारे गए शूटरों के सोशल मीडिया अकाउंट व कॉल डिटेल खंगाल रही है। ...और पढ़ें

    बीरू हत्याकांड : पुलिस खंगाल रही बीरू और शूटरों के इंस्टाग्राम।

    बीरू हत्याकांड : पुलिस खंगाल रही बीरू और शूटरों के इंस्टाग्राम।

    HighLights

    1. पुलिस बीरू और शूटरों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही है

    2. त्रिशूल गैंग समाना ने इंटरनेट मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी ली

    3. हत्या की साजिश पहले से रची गई थी, मोबाइल अहम सबूत

    जागरण संवाददाता, करनाल। सदर बाजार निवासी बीरू वाल्मीकि हत्याकांड की जांच में पुलिस अब इंटरनेट मीडिया को अहम कड़ी मानकर आगे बढ़ रही है। पुलिस बीरू वाल्मीकि के साथ एनकाउंटर में मारे गए दोनों शूटरों की इंस्टाग्राम आईडी समेत अन्य सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही है। इनके जरिए पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शूटरों के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और हत्या की साजिश में किसकी भूमिका थी। इसके साथ ही पुलिस दोनों शूटरों की काल डिटेल भी खंगाल रही है।

    इंटरनेट मीडिया पर त्रिशूल गैंग समाना के नाम से एक युवक ने पोस्ट डालकर बीरू वाल्मीकि की हत्या की जिम्मेदारी ली है। उसकी एक आडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है। बताया जा रहा है कि एक अन्य आडियो में बीरू को धमकी भी दी गई थी। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, वारदात से करीब एक सप्ताह पहले बीरू वाल्मीकि को जान से मारने की धमकी मिली थी।

    पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इंटरनेट मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला युवक वास्तव में इस वारदात से जुड़ा है या नहीं। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल विदेश में बैठा है। पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।

    पुलिस का दावा है कि सभी संभावित एंगल पर जांच चल रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने एक युवती सहित सात लोगों को नामजद किया हुआ है। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर रील डालने पर भी कई बार बीरू की बहस हुई है।

    खबरें और भी

    पूरी प्लानिंग के बाद की गई हत्या

    बीरू वाल्मीकि की हत्या को लेकर पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात की पहले से योजना बनाई गई थी। आशंका है कि हत्या कराने वाले व्यक्ति ने पूरे दिन बीरू की रेकी कराई थी। उसे पता था कि बीरू रात के समय भगवाड़िया गैस एजेंसी के पास स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में अपने दोस्तों के साथ बैठा था।

    रात को जब बीरू वहां से अपने घर जाने के लिए निकला तो शूटरों ने उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पुलिस को आशंका है कि रेकी करने वाला व्यक्ति बीरू के बारे में अच्छी जानकारी रखता था और उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था।

    शूटरों के मोबाइल से खुलेंगे कई राज

    एनकाउंटर में मारे गए नीलोखेड़ी के गांव कालामाजरा निवासी हर्ष और कैथल के गांव मटरवा खेड़ी निवासी बीरबल के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हो सकते हैं। पुलिस इनके मोबाइल से यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और हत्या से पहले किन लोगों से उनकी बातचीत हुई।

    साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बीरू की हत्या किसके कहने पर की गई और इसके लिए शूटरों को कितनी रकम दी गई थी। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल और सोशल मीडिया की जांच से हत्या की साजिश से जुड़े कई महत्वपूर्ण राज सामने आ सकते हैं।

    बीरू हत्याकांड में हर एंगल से जांच की जा रही है। शूटरों और अन्य संबंधित लोगों के इंटरनेट मीडिया अकाउंट भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही वारदात में शामिल अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -संदीप कुमार, हेडक्वार्टर डीएसपी, करनाल