Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    करनाल में दो बसों के बीच भीषण टक्कर, हादसे में छह यात्री घायल

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 03:25 PM (IST)

    करनाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दो हरियाणा रोडवेज बसों की टक्कर में मिनी बस चालक सहित करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। ...और पढ़ें

    करनाल में दो बसों के बीच भीषण टक्कर (जागरण फोटो)

    करनाल में दो बसों के बीच भीषण टक्कर (जागरण फोटो)


    HighLights

    1. करनाल में NH-44 पर दो रोडवेज बसों की टक्कर।

    2. हादसे में मिनी बस चालक सहित छह यात्री घायल हुए।

    3. अचानक ब्रेक लगाने से हुआ यह भीषण सड़क हादसा।

    डिजिटल डेस्क, करनाल। घरौंडा क्षेत्र में बसताड़ा टोल प्लाजा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बुधवार को हरियाणा रोडवेज की दो बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई।

    इस सड़क हादसे में मिनी बस के चालक सहित करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार पानीपत से करनाल की ओर जा रही रोडवेज बसों के आगे चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक हुई इस स्थिति के कारण पीछे चल रही बस चालक ने भी तुरंत ब्रेक लगाए, लेकिन इसी दौरान पीछे से आ रही मिनी बस नियंत्रण नहीं रख सकी और आगे चल रही बस से जा टकराई।

    बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी

    टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर रुककर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मिनी बस के चालक को वाहन से बाहर निकाला गया।

    इसके बाद घायलों को मौके पर उपलब्ध निजी वाहनों की सहायता से तुरंत करनाल के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को भर्ती कर लिया।

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर मार्ग को सामान्य कराया।

    अचानक ब्रेक लगाने से हुए हादसा

    जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण आगे चल रहे वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाना सामने आया है, जिसके चलते यह टक्कर हुई। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं और सभी का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।

    खबरें और भी