'लंदन से तुम्हारे लिए मंहगे गिफ्ट ले आ रहा हूं...', कैथल की महिला से विदेशी दोस्त बनकर 6 लाख की ठगी
कैथल की एक महिला से वॉट्सऐप पर विदेशी दोस्त बनकर महंगे गिफ्ट देने के बहाने 6.39 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगों ने मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े जाने और सीबीआई का ...और पढ़ें
-1786213479992_m.webp)
लंदन से भारत आकर महंगे गिफ्ट देने के नाम पर महिला से छह लाख 39 हजार रुपये की ठगी।
HighLights
महिला से वॉट्सऐप पर विदेशी बनकर की दोस्ती।
महंगे गिफ्ट देने के बहाने फंसाया, पैसे ऐंठे।
मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े जाने का डर दिखाया।
जागरण संवाददाता, कैथल। एक महिला से वॉट्सऐप पर विदेशी बनकर दोस्ती करके और उसे महंगे गिफ्ट देने के के नाम पर भारत आने का लालच देकर छह लाख 39 हजार रुपये ठग लिए गए। मुंबई एयरपोर्ट पर महंगे सामान सहित पकड़े जाने और सीबीआई में केस दर्ज होने का डर दिखाकर पैसे लिए गए। ढांड थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना में केस दर्ज किया गया है।
शिकायत में बताया कि वह एक घरेलू महिला है। मई के पहले सप्ताह में उसके वॉट्सऐप पर एक विदेशी नंबर से मैसेज आया था। उसने रिप्लाई करके जानकारी ली तो मैसेज करने वाले ने कहा कि उसका नाम मनीष चौधरी है और वह इंग्लैंड में रहता है। इसके बाद उनकी आपस में बात होने लगी।
ठग ने उसे कहा कि वह उसे अच्छी लगती है और अपनी कई फोटो भेज दी। उसको कहा कि वह भारत आकर उससे मिलना चाहता है। उसके पास बहुत पैसा और आभूषण हैं। वह उसे आइफोन, डॉलर और आभूषण गिफ्ट करना चाहता है। उसे बातों में उलझा लिया और उसके पास लंदन से मुंबई का टिकट दिखाया।
उसे बताया कि 25 मई को वह भारत आ जाएगा। उसके लिए सारा सामान भी लेकर आएगा। 25 मई को उसे मैसेज किया कि वह मुंबई पहुंच गया है। कुछ देर बाद ही उसके वॉट्सऐप पर नए नंबर से फोन आया। उसे कहा कि आपका रिश्तेदार मनीष लंदन से मुंबई आया है। उसके पास महंगे आभूषण और फोन मिले हैं। मनीष को पकड़ लिया गया है और अगर इसे छुड़वाना है तो 90 हजार रुपये देने होंगे।
खबरें और भी
मनीष का मैसेज आया कि उसे छुड़वा लो वह उसे मिलने के बाद पैसे दे देगा। उसकी बातों में आकर उसने दिए गए स्केनर पर पैसे भेज दिए थे। इसके बाद 28 मई को दोबारा फोन आया और कहा कि मनीष के पास डॉलर भी मिले हैं। इसके लिए दो लाख रुपये देने होंगे। उसने यह पैसे भी अपने भांजे और भतीजी से खातों से भेज दिए।
गिरफ्तारी का दिखाया गया डर
महिला ने बताया कि 19 जून को उसके पास मैसेज आया कि यह बात सीबीआई के अधिकारियों को पता लग गई है। इसके बाद उसके पास फोन आया कि वह सीबीआई से बात कर रहा है। मनीष को आपने भारत बुलाया है और वह बहुत ज्यादा आभूषण और डॉलर लिए हुए है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। अब उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी के डर से और घर बात ना पता लग जाए इस कारण ठगों के पास डेढ़ लाख रुपये भेज दिए थे। इसके बाद भी उसे अलग-अलग कार्रवाई का डर दिखाकर पांच जुलाई तक पैसे लेते रहे। ऐसा करके उससे छह लाख 39 हजार रुपये ले लिए गए थे। उसने यह बात अपने भाई को बताई तो उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता लगा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एसआई सुरेंद्र सिंह को सौंप दी है।