विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

INLD Rally In Kaithal: अभय चौटाला के हाथों में इनेलो की कमान, ओपी चौटाला ने बनाया अपना उत्तराधिकारी

By Pankaj KumarEdited By: Rajat Mourya
Updated: Mon, 25 Sep 2023 07:34 PM (IST)

हरियाणा के कैथल में सोमवार को इनेलो ने किसान सम्मान रैली का आयोजन किया। रैली में तमाम राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे। इस दौरान ओपी चौटाला ने आधिकारिक तौ ...और पढ़ें

अभय चौटाला के हाथों में इनेलो की कमान, ओपी चौटाला ने बनाया अपना उत्तराधिकारी
अभय चौटाला के हाथों में इनेलो की कमान, ओपी चौटाला ने बनाया अपना उत्तराधिकारी

HighLights

  1. ओपी चौटाला ने कहा कि आज परिस्थितियां बदल रही हैं और जनता को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
  2. अभय चौटाला ने कहा कि मौजूदा सरकार का न तो लोकराज में भरोसा है और ही लोकलाज में।
  3. रैली में तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी हिस्सा लिया।

कैथल, जागरण संवाददाता। Haryana Politics News हरियाणा में नए राजनीतिक बदलाव का झंडा लेकर चल रही इनेलो को कैथल में पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. देवी लाल की जयंती पर हुई सम्मान दिवस रैली से बड़ी उम्मीदें हैं। लगभग दो दशक से सत्ता से बाहर चल रही पार्टी ने फिर से मजबूती के साथ शुरुआत का बिगुल बजाया है। पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने अधिकारिक तौर पर छोटे बेटे और ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित कर दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "अभय सिंह को तुम्हें सौंप रहा हूं। इसका हाथ पकड़ लो और इसने कामयाब बनाओ। मेरा आशीर्वाद हमेशा इसके साथ रहेगा। ये अगर कोई गलती करेगा तो मैं इसके कान खींच दूंगा।" ओपी चौटाला के यह कहने के बाद मंच से हर नेता ने अभय सिंह चौटाला को भावी मुख्यमंत्री कहकर संबोधित किया। इस रैली में सुनैना चौटाला को छोड़कर किसी ने भी जननायक जनता पार्टी का जिक्र नहीं किया।

चौटाला ने पढ़ा चुनावी घोषणा-पत्र

ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आज परिस्थितियां बदल रही हैं। जनता को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जल्द ही प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी। इसके बाद हर घर में बुजुर्गों को 7500 रुपये मासिक पेंशन देने के अलावा हर घर में हर महीने एक सिलेंडर व 1100 रुपये दिए जाएंगे। हर बच्चे को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी और पढ़ाई के दौरान बीमार होने पर विद्यार्थी का मुफ्त इलाज करवाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में तीन गुना बढ़ी MBBS सीटें, 5 नए मेडिकल कॉलेज का हो रहा निर्माण; हेल्थ सेक्टर पर सरकार का फोकस

ओपी चौटाला ने कहा कि प्रत्येक युवा को नौकरी दी जाएगी और बेरोजगारों को 21 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। स्कूलों की गिर गई इमारतों की मरम्मत करवाई जाएगी। स्कूलों में शिक्षकों के पद भरे जाएंगे। अस्पतालों में चिकित्सक भर्ती करने के अलावा मुफ्त दवाइयां देने की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

रैली में अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल ने लोकराज लोकलाज से चलता है नारा दिया और आज स्थिति यह है कि मौजूदा सरकार का न तो लोकराज में भरोसा है और ही लोकलाज में। इस दौरान मंच संचालन युवा इनेलो के प्रभारी कर्ण चौटाला ने किया।

अलग-अलग नहीं लड़ा जा सकता- बीरेंद्र

पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा के अंदर अगर एक नया दौर लाना है तो हमें चौधरी देवीलाल के बताए हुए रास्ते पर चलना होगा। उन्होंने किसानों के हित में एक लंबा संघर्ष किया और किसानों को एकता का पाठ पढ़ाया। किसानों की लड़ाई को लड़ना है तो हमें एक होकर लड़ना होगा, अलग-अलग नहीं लड़ा जा सकता है।

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री स. सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह, चौ. देवीलाल और सरदार प्रकाश सिंह बादल जैसे नेता गरीबों की आवाज थे और जब सत्ता से बाहर रहे तो भी इनके संघर्ष किया। इन नेताओं ने किसान व कमेरे वर्ग के लिए अनेक कदम उठाए। रैली को राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के संयोजक शेर सिंह राणा और भीम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव रामपाल माजरा, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, पूर्व संसदीय सचिव श्याम सिंह राणा, कांता चौटाला, रैली में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, उमेद सिंह लोहान, इनेलो महिला विंग की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला, अर्जुन चौटाला, आइएसओ के अध्यक्ष अरविंद स्वामी, पूर्व विधायक डा. सीताराम और गोकुल सेतिया मौजूद थे।

पूर्व विधायक हबीबुर्र रहमान इनेलो में शामिल

सम्मान दिवस रैली के दौरान नूंह के पूर्व विधायक हबीबुर्र रहमान इनेलो में शामिल हुए। उन्हें चौ. अभय सिंह चौटाला ने पार्टी का पटका पहनाकर शामिल किया। वर्ष 2005 के विधानसभा चुनाव में बतौर आजाद प्रत्याशी 36879 वोट लेते हुए रहमान ने कांग्रेस के आफताब अहमद को 4359 वोटों के अंतर से पराजित किया था। उनके पिता रहीम खान वर्ष 1967, 1972 और 1982 में हरियाणा विधानसभा के सदस्य रहने के अलावा 1984 में फरीदाबाद लोकसभा सीट से सांसद भी निर्वाचित हुए।

ये भी पढ़ें- Haryana Politics: 'मुझे मिलता है जींद के पिछड़ेपन का दोष', कलायत में छलका पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह का दर्द