Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में 23 खापों की महापंचायत, लिव-इन और गांव में शादी का विरोध; कंगना रनौत के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 08:35 PM (IST)

    जींद की कंडेला खाप महापंचायत में लिव-इन, समलैंगिक विवाह और गांव-गुहांड में शादी पर रोक की मांग की गई। नशे, गंद कल्चर, दहेज व मृत्यु भोज के खिलाफ अभिया ...और पढ़ें

    हरियाणा में 23 खापों की महापंचायत। फोटो जागरण

    हरियाणा में 23 खापों की महापंचायत। फोटो जागरण


    HighLights

    1. लिव-इन, समलैंगिक विवाह और गांव में शादी पर रोक की मांग।

    2. नशे और गंद कल्चर के खिलाफ गांवों में कमेटियां बनेंगी।

    3. कंगना रनौत के बयान पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

    जागरण संवाददाता, जींद। कंडेला खाप ने गांव के ऐतिहासिक चबूतरे पर रविवार को हुई 23 खापों की महापंचायत में कई प्रस्ताव पास किए। इसमें गंद कल्चर व नशे के खिलाफ गांवों में कमेटियां बनाने, महिलाओं को गटर कल्चर की बताने पर सांसद कंगना रनौत के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

    इसके अलावा लिव इन रिलेशनशिप, समलैंगिक व गांव-गुहांड में शादी पर रोक लगाने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला ने की।

    लगभग तीन घंटे चली महापंचायत में जिले की सभी 23 खापों के प्रतिनिधियों और विभिन्न जातियों के लोगों ने मंथन किया। फैसला लिया गया कि अब नशे और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ केवल भाषण नहीं होंगे, गांव-गांव समितियां बनाकर जमीन पर अभियान चलाया जाएगा।

    कंगना रनौत के खिलाफ निंदा प्रस्ताव

    भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रही छात्राओं को गटर कल्चर की कहे जाने पर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ इस तरह की भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

    महापंचायत को खाप के प्रवक्ता जगत सिंह रेढू, एडवोकेट रणधीर सिंह, छज्जू राम कंडेला, नफे सिंह ईगराह, रघबीर भारद्वाज, दिलबाग कुंडू, प्रो. दलबीर सिंह, सुनील कंडेला, कुलदीप शाहपुर समेत सभी खापों के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया।

    गांवों में रेवड़ियों की तरह बिक रहा नशा

    कंडेला खाप के प्रवक्ता जगत सिंह रेढू व ईश्वर लोहचब ने कहा कि अब खाप पंचायतें नशे के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ेंगी। किसी भी गांव में कोई व्यक्ति नशा बेचता पाया गया तो उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा। कंडेला खाप के गांवों में नशा रेवड़ियों की तरह बिक रहा है। जिसे जहां सूखा नशा चाहिए, आसानी से मिल जाता है। ऐसी स्थिति में अब समाज को खुद आगे आना होगा।

    खबरें और भी

    अश्लील गानों पर होगा सामाजिक बहिष्कार

    महापंचायत में युवाओं के बीच बढ़ रहे गंद कल्चर पर गंभीर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर अश्लील, भद्दे गाने व वीडियो युवाओं की सोच और सामाजिक माहौल को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे गाने और उन्हें बढ़ावा देने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। ट्रैक्टर, डीजे, गाड़ी या किसी भी दूसरे वाहन पर अश्लील गाने बजाने वालों का बहिष्कार किया जाएगा।

    दहेज व मृत्यु भोज को खत्म करने की जरूरत

    महापंचायत में नशे व अश्लीलता के साथ दहेज प्रथा, मृत्यु भोज समेत अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में दिखावे की होड़ ने कई परिवारों पर आर्थिक और सामाजिक दबाव बढ़ा दिया है। दहेज ने काफी बेटियों की जिंदगी लील ली है। इन बुराइयों को खत्म करने के लिए सामूहिक स्तर पर प्रयास करने की जरूरत है।

    लिव इन रिलेशनशिप, अपने गोत्र व गांव में शादी पर रोक की मांग

    लिव इन रिलेशनशिप कानून को समाप्त करने व समलैंगिक विवाह पर रोक लगाने मांग उठाई गई। वक्ताओं का कहना था कि यह व्यवस्थाएं भारतीय संस्कृति व पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं तथा इनके कारण कई तरह के सामाजिक विवाद और अपराध सामने आ रहे हैं। इन कानून को रद्द करवाने के लिए सभी विधायकों, सांसदों को ज्ञापन दिए जाएंगे।