विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां की आंखों में आंसू और गांव में गर्व... विश्व विजेता कनिष्क चौहान का झज्जर में भव्य स्वागत

Updated: Mon, 09 Feb 2026 09:49 PM (IST)

भारतीय अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कनिष्क चौहान का उनके पैतृक गांव कुलाना, झज्जर में भव्य स्वागत हुआ। इंग्लैंड को हराकर विश्व विजेता बने कनिष ...और पढ़ें

गांव पहुंचने पर कनिष्क चौहान का भव्य स्वागत। फोटो जागरण

गांव पहुंचने पर कनिष्क चौहान का भव्य स्वागत। फोटो जागरण

HighLights

  1. अंडर-19 विश्व कप विजेता कनिष्क चौहान का भव्य स्वागत।

  2. मां सरिता चौहान ने तिरंगे वाली विशेष साड़ी पहनी।

  3. गांव कुलाना में हजारों लोगों के लिए सामूहिक भोज।

गोपाल किशन, माछरौली (झज्जर)। जिम्बाब्वे की धरती पर अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाकर विश्व विजेता बनी भारतीय टीम के चमकते सितारे कनिष्क चौहान का उनके पैतृक गांव कुलाना पहुंचने पर ऐसा स्वागत हुआ, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।

झज्जर जिले की अंतिम सीमा पर बसे इस छोटे से गांव में आज त्योहार जैसा माहौल था। गांव के लाडले ने न केवल जिले, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह का सबसे भावुक और चर्चा का विषय रहा कनिष्क की माता सरिता चौहान का पहनावा।

बेटे की विश्व विजय की खुशी में उन्होंने विशेष रूप से तिरंगे के रंगों वाली साड़ी तैयार करवाई थी। देशभक्ति और परंपरा के इस अनूठे मेल के साथ मां सुबह से अपने लाल का इंतजार कर रही थी। जैसे ही कनिष्क गुरुग्राम से बिलासपुर होते हुए गांव की सीमा पर पहुँचे, मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

कुलाना चौक पर पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति पर अर्पित किए पुष्प

कनिष्क ने अपनी सफलता का जश्न आस्था के साथ शुरू किया। गांव में प्रवेश करते ही उन्होंने सबसे पहले कुलाना चौक पर पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद गांव के शिव मंदिर में माथा टेका। परंपराओं का निर्वहन करते हुए वे दादा भैया के स्थान पर गए।

अंत में पितृ बाबा की समाधि पर धोक मारकर आशीर्वाद लिया। दादी कमलेश चौहान ने कनिष्क के पैर छूने पर उन्हें गले लगाया और उपहार स्वरूप सोने की चेन और अंगूठी पहनाकर बुरी नजर से बचाने का आशीर्वाद दिया। मां ने अपने हाथों से कनिष्क को पारंपरिक चूरमा खिलाकर विजय का स्वाद चखाया।

राजनीतिक जमावड़ा और हजारों लोगों के लिए भव्य भोज

कनिष्क के स्वागत में राजनीति के दिग्गज भी पहुंचे। बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कनिष्क को कंधे पर बिठाया और कहा, यह बेटा एक दिन भारत की सीनियर टीम का कप्तान बनेगा।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ के बेटे आदित्य धनखड़ ने कनिष्क की तुलना विराट कोहली से करते हुए कहा कि क्षेत्र का डंका आज पूरी दुनिया में बज रहा है। गांव में करीब 5 से 6 हजार लोगों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था।