विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जापान में चमकेगा झज्जर का निशाना, मनु भाकर और सुरुचि फोगाट भारतीय शूटिंग टीम में दिखाएंगी दम

Published: Thu, 03 Sep 2026 01:31 PM (IST)

मनु भाकर और सुरुचि फोगाट, झज्जर की दो अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज, जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय शूटिंग दल में चुनी गई हैं।

मनु भाकर और सुरुचि (फाइल फोटो)

मनु भाकर और सुरुचि (फाइल फोटो)


HighLights

  1. मनु भाकर, सुरुचि फोगाट एशियाई खेल 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी

  2. झज्जर जिले की दो निशानेबाज भारतीय शूटिंग दल में शामिल

  3. दोनों ने झाड़ली शूटिंग अकादमी से सीखी थी शुरुआती बारीकियां

जागरण संवाददाता, झज्जर। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेल 2026 में झज्जर के लिए अत्यंत गर्व और ऐतिहासिक पल आया है।

भारतीय शूटिंग दल में झज्जर जिले की दो होनहार अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर और उभरती स्टार शूटर सुरुचि फोगाट अपनी सधी हुई निशानेबाजी का हुनर दिखाएंगी। एक ही जिले की दो प्रतिभाओं का एशियाई खेलों जैसे महाकुंभ में चयन होना हरियाणा और देश के लिए गौरव का विषय है।

गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

मनु भाकर झज्जर जिले के गांव गोरिया की रहने वाली हैं, जबकि सुरुचि फोगाट गांव सासरौली की निवासी हैं। दोनों खिलाड़ियों के गांवों के बीच महज करीब 10 किलोमीटर की दूरी है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाली दोनों निशानेबाजों के चयन के बाद परिवारों, कोचों व खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।

मनु भाकर और सुरुचि फोगाट की इस अभूतपूर्व सफलता के पीछे एक अद्भुत और अनोखा संयोग भी जुड़ा हुआ है। दोनों खिलाड़ियों ने शूटिंग करियर की शुरुआती बारीकियां झज्जर के गांव झाड़ली स्थित शूटिंग अकादमी से सीखी हैं।

गांव से जुड़ा है नाता

भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जवान व शूटिंग कोच अनिल जाखड़ ने अपने अनुशासन और मार्गदर्शन से इन दोनों प्रतिभाओं की नींव मजबूत की थी। गांव की मिट्टी से जुड़ी अकादमी में बेसिक प्रशिक्षण लेने के बाद दोनों शूटरों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर अपनी चमक बिखेरी।

सुरुचि फोगाट (गांव सासरौली): राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहीं सुरुचि फोगाट 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अपनी सटीक निशानेबाजी के लिए जानी जाती हैं। हालिया राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में उत्कृष्ट अंक हासिल कर उन्होंने एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का किया है। विशेषज्ञों को इस बार एशियन गेम्स में सुरुचि से व्यक्तिगत और टीम वर्ग में पदक की बड़ी उम्मीदें हैं।

मनु भाकर (गांव गोरिया): ओलिंपिक खेलों में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली मनु भाकर देश की शीर्ष महिला पिस्टल शूटरों में शामिल हैं। इससे पूर्व राष्ट्रमंडल खेल, आइएसएसएफ विश्व कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण व अन्य पदक जीतकर वे वैश्विक पटल पर भारत की पहचान बन चुकी हैं। एशियाई खेलों में वे 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धाओं में पदक की मजबूत दावेदार होंगी।