विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hisar News: 26 सितंबर को नगर निगम चलाएगा अवैध पशुबाड़ों पर महाअभियान, कमिश्नर ने कर्मचारियों की दी ये चेतावनी

By Pawan KumarEdited By: Deepak Saxena
Updated: Mon, 25 Sep 2023 02:31 PM (IST)

हिसार में अवारा पशुओं पर लगाम लगाने के लिए और अवैध पशुबाड़ों (Illegal Cattle Sheds) के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर निगम 26 सितंबर को महाअभियान चलाएगा। इ ...और पढ़ें

26 सितंबर को नगर निगम चलाएगा अवैध पशुबाड़ों पर महाअभियान।
26 सितंबर को नगर निगम चलाएगा अवैध पशुबाड़ों पर महाअभियान।

हिसार, पवन सिरोवा: जनता के लिए परेशानी का सबब बने बेसहारा पशुओं से शहर को मुक्ति दिलाने के लिए निगम प्रशासन ने एक्शन मोड की तैयारी कर ली है। मंगलवार, 26 सितंबर को शुरू होने वाले महाअभियान में शहर की सरकार से लेकर निगम के इंजीनियर तक फील्ड में होंगे और बेसहारा पशुओं से शहर को मुक्त करवाने के लिए नगर निगम अपनी ताकत झोंकने की तैयारी में है।

नगर निगम प्रशासन के पहले चरण में टारगेट पर अवैध पशुबाड़े होंगे, जिनके कारण सड़कों पर बेसहारा पशुओं की तादाद बड़े स्तर पर है। इसी कड़ी में सोमवार को मेयर गौतम सरदाना भी नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया से मंत्रणा करेंगे।

अवैध और सरकारी जमीनों पर कब्जे कर बनाए पशुबाड़े किए चिन्हित

नगर निगम की टीम के टारगेट पर अवैध पशुबाड़े होंगे। निगम कमिश्नर ने इस बारे में टीम को दिशा निर्देश दिए हैं। पशुपालन विभाग की ओर से निगम प्रशासन को सौंपी गई 65 पशुबाड़ों और डेयरियों की लिस्ट में से उन बाड़ों को चिह्नित कर लिया गया है जो अवैध हैं या सरकारी जमीनों पर कब्जे कर बनाए हुए हैं। अब निगम पशुओं को पकड़ने के साथ-साथ सरकारी जमीन भी कब्जे से मुक्त करवाएगी।

टीम के निशाने पर होंगे ये क्षेत्र

  • पड़ाव: नगर सुधार मंडल की जमीन पर ही पशुबाड़ा बना रखा है।
  • न्यू मॉडल टाउन: सरकारी जमीन पर एक दो नहीं कई बड़े पशुबाड़े बने हैं।
  • टिब्बा दानाशेर, ढाणी श्यामलाल, 12 क्वार्टर रोड क्षेत्र में कई अवैध पशुबाड़े हैं।
  • जहाजपुर चौक के पास आटो मार्केट के साथ सरकारी व निजी जमीन पर पशुबाड़े।
  • पटेल नगर और सूर्य नगर क्षेत्र में भी कई पशुबाड़े हैं जो प्रशासन के निशाने पर हैं।

श्रीदेवी भवन मंदिर की गौशाला से शिफ्ट किए नंदी

गोशाला प्रबंधन कमेटी पदाधिकारी अनिश जैन ने बताया कि गौशाला से करीब 107 नंदी बगला के पास गौशाला में शिफ्ट कर दिए हैं। अभियान से पहले गौशालाओं में पशुओं को पहुंचाने की तैयारी जारी है। वहीं, पशुपालन विभाग की मानें तो कई गौशालाओं से बेसहारा पशुओं को लेने के संबंध में बातचीत की गई है। यानी प्रशासन ने गौशालाओं से लेकर नंदीशाला और गो-अभ्यारण्य में पकड़े जाने वाले पशुओं के रखरखाव का प्रबंधन शुरू कर दिया है।

कमिश्नर की चेतावनी-लीक हुई जानकारी तो करवाएंगे एफआईआर

पशु पकड़ने के अभियान की टीम के पहुंचने से पहले पशुपालकों को सूचना लीक होने पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। नगर निगम कमिश्नर ने स्टाफ को चेतावनी दी है कि यदि किसी कर्मचारी ने जानकारी लीक की तो उस पर एफआईआर करवाई जाएगी साथ ही सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: Panipat News: '20 सितंबर की रात जिंदगी भर का गम दे गई', डेरे में महिलाओं से दरिंदगी पर छलका पीड़ितों का दर्द

इंजीनियर से लेकर सफाई निरीक्षक तक पकड़वाएंगे पशु

लंबे समय बाद शहर को बेसहारा पशुओं से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन अपनी ताकत झोंकेगा। इसमें निगम के इंजीनियर (एक्सइएन स्तर के अधिकारी) फील्ड में हाेंगे। साथ ही मुख्य सफाई निरीक्षक व तहबाजारी टीम भी साथ होगी। साथ ही बेलदारों को भी फील्ड में उतारा जाएगा। ये सभी फिलहाल दो टीमों में होंगे। इसके अलावा एक बैकअप टीम भी होगी जो जरूरत पड़ने पर फील्ड में उतर सकती है।

सुरक्षा के भी होंगे पुख्ता प्रबंध

पशुपालन विभाग के अनुसार चिकित्सकों की ड्यूटियां लगाई जा रही हैं। इसके अलावा स्वयं पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अभियान के दौरान फील्ड में हाेंगे। इस दौरान किसी पशु को चोट लगती है तो उसके उपचार के लिए चिकित्सक तैनात रहेंगे। इसके अलावा सुरक्षा के लिए पुलिस सहायता हेतु भी निगम की ओर से उपायुक्त को पत्र भेजा गया है।

पहले चरण में 26 से 29 सितंबर तक चलेगा अभियान

नगर निगम प्रशासन अपनी पूरी ताकत से पहले चरण में 26 सितंबर से 29 सितंबर तक अभियान चलाएगा। इसके लिए दो टीमों का गठन किया गया है। इसमें अतिरिक्त निगम आयुक्त प्रदीप हुड्डा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिनकी देखरेख में यह अभियान सिरे चढ़ाया जाएगा। इसमें शहर की सरकार शामिल होगी। वहीं मनोनीत पार्षद नरेंद्र शर्मा भी टीम का मार्गदर्शन करेंगे। उनके क्षेत्र में कई अवैध पशुबाड़े हैं, जिन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई उनके मार्गदर्शन में होगी।

नगर निगम की सूचना के बाद दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर रहे पशु

नगर निगम के 26 सितंबर को अभियान की सूचना के बाद कई पशुपालकों ने अपने पशु दूसरे स्थानों पर शिफ्ट करने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो तलवंडी राणा और हांसी क्षेत्र की तरफ पशुपालकों ने रुख कर लिया है। अभियान के डर से दुधारू पशुओं को बाहर सेफ स्थान पर भेजा जा रहा है।

हिसार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के डिप्टी डॉयरेक्टर सुभाष कुमार ने कहा कि नगर निगम अभियान को लेकर तैयारी कर रहा है। इसमें श्री देवी भवन गोशाला से नंदी भी शिफ्ट करवाए हैं। इसके अलावा गोशालाओं से भी संपर्क किया गया है। हमारी टीम भी अभियान में सहयोग करेगी।

हिसार की मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि 26 सितंबर को बेसहारा पशु पकड़ने का महाअभियान चलाया जाएगा। निगम की ओर की जा रही तैयारियों को लेकर निगम कमिश्नर से सोमवार को बातचीत की जाएगी।

ये भी पढ़ें: Cyclothon Rally: करनाल में नशा मुक्त हरियाणा साइक्लोथॉन का आज होगा समापन, CM मनोहर लाल ने दिलाया संकल्प