हरियाणा में भीषण टकराव: CM सैनी के ध्वजारोहण से पहले हांसी में बवाल, प्रदर्शन में SP सहित कई पुलिसकर्मी घायल
हांसी में स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।

हांसी में प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मियों के बीच भिड़ंत (जागरण)
HighLights
हांसी में सीएम सैनी के कार्यक्रम से पहले पुलिस-ग्रामीणों में झड़प
जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर प्रदर्शन
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया
जागरण संवाददाता, हांसी। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हांसी में ध्वजारोहण से पहले शुक्रवार सुबह जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव हो गया।
सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ हांसी पहुंचे। पुलिस की नाकाबंदी के बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक समूह राजकीय महाविद्यालय स्थित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के नजदीक तक पहुंच गया। यहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी कहासुनी और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें पीछे हटाया।

पत्थरबाजी में एसपी विनोद कुमार घायल साथ में कई पुलिस कर्मचारी भी घायल
किसान संगठनों और खाप प्रतिनिधियों ने पहले ही एलान किया था कि जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मुख्यमंत्री के हांसी कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा। इसी के मद्देनजर पुलिस ने वीरवार रात से ही हांसी आने वाले प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी मजबूत कर दी थी।

रात से नाकाबंदी, सुबह गांवों से निकलने लगे जत्थे
विरोध के ऐलान के बाद पुलिस पूरी रात सतर्क रही। शुक्रवार अलसुबह आसपास के गांवों में महिलाएं और ग्रामीण एकत्रित होने शुरू हो गए। सुबह होते-होते ट्रैक्टरों व अन्य वाहनों से सैकड़ों लोग हांसी की तरफ बढ़े। पुलिस ने कई स्थानों पर उन्हें रोकने का प्रयास किया।
कंटेनरों से रोके हांसी आने वाले रास्ते
हांसी-बरवाला रोड और जींद रोड सहित शहर में प्रवेश के प्रमुख रास्तों पर पुलिस ने बड़े कंटेनर खड़े कर नाकाबंदी की। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। विरोध को देखते हुए शहर में आने-जाने वाले मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी गई, जिससे सामान्य आवाजाही भी प्रभावित हुई।
नाकाबंदी पार कर कॉलेज के नजदीक पहुंचे प्रदर्शनकारी
सुरक्षा घेरे के बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक समूह राजकीय महाविद्यालय स्थित स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के नजदीक तक पहुंच गया। यहां आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे किया।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि उनका विरोध जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर है। एक दिन पहले रामायण-मैयड़ टोल प्लाजा पर भी करीब तीन घंटे प्रदर्शन किया गया था और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के विरोध का ऐलान किया गया था।

सीएम को आज फहराना है तिरंगा
हांसी जिला बनने के बाद पहली बार यहां राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हो रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराना है। इसी कारण कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में लिया हुआ है।

