विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत, घर में मिले खून के निशान; पुलिस जांच में जुटी

Published: Thu, 08 Oct 2026 09:54 PM (IST)

हिसार के मॉडल टाउन में 75 वर्षीय संतोष गिरधर अपने घर में मृत मिलीं, फर्श पर खून के धब्बे और अलमारी खुली पाई गई।

हिसार में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत।

हिसार में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत।

HighLights

  1. हिसार के मॉडल टाउन में 75 वर्षीय महिला संतोष गिरधर मृत मिली

  2. घर के फर्श पर खून बिखरा था, अलमारी भी खुली मिली

  3. सीसीटीवी में तीन युवक घर में घुसते दिखे, पुलिस जांच कर रही

जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के मॉडल टाउन में मकान नंबर 100 में रहने वाली 75 साल की महिला संतोष गिरधर वीरवार सुबह घर के अंदर फर्श पर मृत हालत में मिली। फर्श पर खून बिखरा पड़ा था। शरीर का अधिकांश हिस्सा काला पड़ गया था। कमरे के अंदर अलमारी खुली थी।

सूटकेस भी नीचे पड़ा था। मंगलवार रात करीब नौ बजे तीन युवक घर के अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं। एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में तीनों युवक कैद हो गए। पड़ोस में रहने वाले लोगों को घर से बदबू आई तो पता चला फिर पुलिस को सूचना दी।

अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विकास टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीन आफ क्राइम की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में उनके शव का चिकित्सकों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। विसरा जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस का कहना है कि वह हर पहलू पर जांच कर रही है।

अकेली रहती थी महिला

देवर मनोज गिरधर ने बताया कि संतोष गिरधर के पति कृष्ण गिरधर आइटीआइ से सेवानिवृत्त थे। करीब 15 साल पहले उनका देहांत हो गया था। बेटी और बेटे राहुल गिरधर का भी बीमारी के चलते देहांत हो चुका है। संतोष घर पर अकेली रहती थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई केशव चंडीगढ़ में रहते है। मंगलवार रात करीब नौ बजे संतोष ने अपने भाई केशव से फोन पर बात की थी।

दो दिन से लगातार संतोष के पास फोन कर रहे थे, लेकिन उसने फोन उठाया नहीं। सुबह नौ बजे पता चलने पर मौके पर पहुंचे तो देखा कि संतोष घर के अंदर मंदिर के सामने फर्श पर पड़ी थी। सिर से खून बह रहा था। अलमारी खुली हुई थी। उनके भाई के आने के बाद अलमारी और अन्य सामान की जांच की जाएगी।

मंगलवार रात को तीन युवक घर के अंदर घुसे

जानकारी के अनुसार घर के सामने लगे सीसीटीवी कमरे के मुताबिक मंगलवार रात करीब नौ बजकर आठ मिनट पर एक युवक गेट खोलकर अंदर जाता दिखाई दे रहा है। थोड़ी देर के बाद दो और युवक घर के अंदर दाखिल होते हैं। करीब दो घंटे के बाद तीनों युवक घर से बाहर निकलते हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दी है।

दो दिन से दिखाई नहीं दी तो गए घर के अंदर

पड़ोस में रहने वाली महिलाओं ने बताया कि संतोष मिलनसार थी। 75 साल की उम्र में भी वह सुबह और शाम को मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाती थी। मंगलवार शाम को मंदिर से आने के बाद से संतोष दिखाई नहीं दी। वह बुधवार सुबह और शाम को मंदिर नहीं गई।

वीरवार सुबह भी वह मंदिर जाती हुई दिखाई नहीं दी। दो दिन से दिखाई न देने पर घर के अंदर जाकर देखा तो वह फर्श पर पड़ी हुई थी। यह देखकर आप-पड़ोस के लोगों को बताया तो उन्होंने पुलिस के पास फोन किया।

मृतका संतोष के शव का मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान चोट के निशान नहीं मिले है। विसरा जांच के लिए लैब में भेजा है। जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। मृतका के भाई केशव ने बयान दिए है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाए। बाकी हर पहलु पर जांच की जा रही है। -विकास कुमार, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी, हिसार