सोहना में 60 साल पुराने अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 250 मकान ढहाने के बाद 80 लाख से बनेगी बाउंड्री वाल
पर्यटन विभाग ने सोहना में साढ़े नौ एकड़ कब्जामुक्त भूमि पर बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कर दिया है। लगभग 80 लाख रुपये की लागत से छह फीट ऊंची दीवार बनन ...और पढ़ें

पर्यटन विभाग ने सोहना में साढ़े नौ एकड़ कब्जामुक्त भूमि पर बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कर दिया है। इमेज एआई
सतीश राघव, सोहना। पर्यटन विभाग की साढ़े नौ एकड़ भूमि पर से अवैध कब्जा हटाने के बाद बाउंड्री वाल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। विभाग इस भूमि के चारों ओर छह फीट ऊंची दीवार का निर्माण करेगा, जिसके लिए लगभग 80 लाख रुपए खर्च होंगे। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, पिछले दस दिनों से बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य चल रहा है। एक तरफ दीवार का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी तरफ का कार्य जारी है।
बाउंड्री वाल का कार्य पूरा होने के बाद इस भूमि पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं तैयार की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग छह दशकों से इस भूमि पर लोगों ने अवैध रूप से आलीशान कोठियां और मकान बना रखे थे। पीर और पहाड़ कालोनी में करीब 250 घर अवैध रूप से बसे हुए थे, जिनमें कुछ असामाजिक तत्वों ने भी कब्जा किया था।
प्रशासन ने बुलडोजर के माध्यम से इस भूमि पर स्थापित सभी अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। इस कार्यवाही में दस जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने कार्रवाई को अंजाम दिया। यह प्रदेश स्तर पर पहली बार इतनी बड़ी कार्यवाही है।
पर्यटन विभाग की नौ एकड़ भूमि पर करीब 250 अवैध निर्माण थे, जहां बिजली और पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध थीं। लोगों के राशन कार्ड और वोटर आईडी भी बने हुए थे, और वे पिछले साठ वर्षों से कब्जा जमाए बैठे थे। शहर के वार्ड नंबर 13 में बसी पहाड़ कालोनी और पीर कॉलोनी में यह भूमि स्थित है।
इस भूमि पर पिछले 15 वर्षों से अदालती और प्रशासनिक जंग चल रही थी, लेकिन हाल ही में पर्यटन विभाग ने अदालती जंग में जीत हासिल की और भूमि पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की।
पर्यटन विभाग के स्थानीय अधिकारी मैनेजर सुनील शर्मा ने बताया कि कब्जामुक्त भूमि पर विभाग ने अपना कब्जा कर लिया है और बाउंड्री वाल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है। दीवार का निर्माण पूरा होने के बाद विभाग पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं तैयार करेगा। उच्च अधिकारियों को इस कार्य की जानकारी दी गई है।