विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार को मिली हरी झंडी, 33 हजार करोड़ की लागत से बनेंगे 17 स्टेशन

Published: Thu, 08 Oct 2026 08:14 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना की अंतिम व्यवहार्यता रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय मंत्रालय को भेजी गई है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना को मुख्यमंत्री ने दी अंतिम मंजूरी।

  2. दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर में 17 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

  3. गुरुग्राम रैपिड मेट्रो में यात्रियों की संख्या 11.62% बढ़ी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हरियाणा में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना की अंतिम व्यवहार्यता रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है।

परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट अब केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को भेज दी गई है। इससे परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

चंडीगढ़ में बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (एचएमआरटीसी) की 66वीं बोर्ड बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न मेट्रो और नमो भारत परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

136 किमी नमो भारत कॉरिडोर की भी रिपोर्ट में जानकारी

बैठक में 136.30 किलोमीटर लंबे दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर की भी जानकारी दी गई। 33,051.15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस कॉरिडोर में 17 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जबकि भविष्य में चार अतिरिक्त स्टेशन बनाए जाने का प्रावधान है।

गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा नमो भारत कॉरिडोर का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। गुरुग्राम और फरीदाबाद क्षेत्र में रूट एलाइनमेंट और स्टेशनों को राज्य स्तर पर अंतिम रूप दिया जा चुका है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट संबंधित विभागों और विकास प्राधिकरणों को टिप्पणियों के लिए भेजी गई है।

वहीं, सेक्टर-56 से पचगांव तक 35.25 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर की परियोजना मंजूरी के अंतिम चरण में है। इसमें 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं। पंचगांव में यह कॉरिडोर नमो भारत (आरआरटीएस) से जुड़ेगा।

रैपिड मेट्रो में बढ़े 11.62 प्रतिशत यात्री

गुरुग्राम रैपिड मेट्रो में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक अजय कुमार ने बताया कि अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान 88.81 लाख यात्रियों ने रैपिड मेट्रो से सफर किया। पिछले वर्ष इसी अवधि में 79.57 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी। इस तरह यात्रियों की संख्या में 11.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ रैपिड मेट्रो की परिचालन आय भी बढ़ी है। अप्रैल-अगस्त 2026 में परिचालन से 18.60 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष यह 16.66 करोड़ रुपये थी। परिचालन आय में 11.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई। गैर-किराया राजस्व 64.34 प्रतिशत बढ़ा।

ऐसे बढ़ा राजस्व

स्टेशनों पर लाइसेंस पर दिए स्थानों से किराये की आय 2.82 करोड़ से बढ़कर 3.50 करोड़ रुपये हो गई। विज्ञापन अधिकारों की ई-नीलामी से 23.14 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष यह 13.39 करोड़ रुपये थी।

बैठक में वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह और नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के महानिदेशक जे. गणेशन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- बल्लभगढ़ से पलवल तक दौड़ेगी मेट्रो, CM सैनी ने दी फाइनल रिपोर्ट की मंजूरी; गुरुग्राम-नोएडा नमो भारत कॉरिडोर पर भी अपडेट