30 दिन में सुधरेंगी में गुरुग्राम की 100 खराब सड़कें, 10 बनेंगी आइकॉनिक; क्यूआर कोड से होगी निगरानी
गुरुग्राम में खराब सड़कों को सुधारने के लिए '30 डेज चैलेंज' शुरू किया गया है, जिसके तहत 100 सड़कों को ...और पढ़ें

गुरुग्राम की खस्ताहाल को 30 दिन में किया जाएगा दुरुस्त। फोटो: जागरण
HighLights
100 खराब सड़कों को 30 दिन में सुधारने का लक्ष्य
प्रत्येक सड़क पर क्यूआर कोड से काम की निगरानी होगी
शिकायतों के लिए '24 घंटे चैलेंज' भी शुरू किया गया
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम की बदहाल सड़कों को लेकर अब 30 दिन का लक्ष्य तय किया गया है। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने बृहस्पतिवार को जीएमडीए, नगर निगम गुरुग्राम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर ‘30 डेज चैलेंज’ शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके तहत शहर की खराब स्थिति वाली 100 सड़कों को चिह्नित कर सात नवंबर तक बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कम से कम 500 मीटर लंबी सड़कों को इसमें शामिल किया जाएगा।
100 सड़कों को 30 दिन में सुधारने का लक्ष्य
लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि सड़क सुधार का मतलब केवल गड्ढे भरना या पैचवर्क करना नहीं होगा। चिन्हित सड़कों पर पूरी सड़क की पुनर्परती, किनारे से किनारे तक पक्की सतह, स्ट्रीट लाइट, लेन मार्किंग, फुटपाथ, संकेतक और सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा।
सड़कों को अतिक्रमण और कूड़े से मुक्त रखने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों की होगी। हर चिन्हित सड़क पर सूचना बोर्ड लगाया जाएगा। इसमें क्यूआर कोड होगा, जिसे स्कैन करने पर सड़क से जुड़े काम, जिम्मेदार अधिकारी और विभाग तथा काम शुरू होने और पूरा होने की निर्धारित तारीख की जानकारी मिलेगी।
100 सड़कों में जीएमडीए, नगर निगम और एचएसवीपी के अधिकार क्षेत्र वाली सड़कें शामिल होंगी। तीनों विभागों को आपसी समन्वय से काम पूरा करना होगा। इसके साथ ‘24 घंटे चैलेंज’ भी शुरू किया जाएगा। बड़े कूड़ा स्थल, सड़क के गड्ढे, सीवर ओवरफ्लो, खराब स्ट्रीट लाइट और पेड़ों की छंटाई जैसी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज की जा सकेंगी।
शिकायत की प्रकृति के अनुसार समाधान 24, 48 या 72 घंटे में करना होगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी से वसूली कर शिकायतकर्ता को पांच हजार रुपये देने का प्रावधान रखा गया है। शिकायतकर्ता फोटो और स्थान की जानकारी भी साझा कर सकेगा। नाम और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक होगा।
10 प्रमुख सड़कें बनेंगी ‘आइकॉनिक’
गुरुग्राम में 10 प्रमुख सड़कों को व्यवस्थित और बेहतर स्वरूप देने के लिए विकसित किया जाएगा। यहां धूम्रपान के लिए निर्धारित स्थान और सार्वजनिक नियमों की जानकारी देने वाले बोर्ड लगाए जाएंगे। निषिद्ध स्थानों पर धूम्रपान, सार्वजनिक स्थान पर थूकने और च्यूइंग गम फेंकने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीमों को शरीर पर लगे कैमरों से लैस किया जाएगा और जुर्माना ऑनलाइन लिया जाएगा। वहीं ‘हमारा 500 मीटर क्षेत्र’ अभियान में आरडब्ल्यूए, स्कूल और बाजार संगठनों को जोड़ा जाएगा। प्रत्येक संस्था अपने आसपास के 500 मीटर क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में भागीदारी करेगी।
अधिकारियों को हर सप्ताह कार्यों की प्रगति का स्कोर कार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक शनिवार संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर के साथ समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया जाएगा, ताकि विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति सार्वजनिक रहे।
