गुरुग्राम: पटौदी-रेवाड़ी मार्ग पर गड्ढों से बढ़ी परेशानी, हादसों का बढ़ा खतरा; लोगों को कब मिलेगी राहत?
गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग की जर्जर हालत और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ...और पढ़ें
-1779104611385_m.webp)
टूटे गुरुग्राम-रेवाड़ी मार्ग से बढ़ी परेशानी, हादसों का बना खतरा। जागरण
HighLights
गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग पर गहरे गड्ढे, हादसे बढ़ रहे।
एनएचएआई की लापरवाही से बाईपास निर्माण अधूरा।
नगरवासी तत्काल मरम्मत और बाईपास पूरा करने की मांग।
संवाद सहयोगी, पटौदी (गुरुग्राम)। पटौदी नगर से गुजर रहे गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग की जर्जर हालत लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है।
सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर कोई गंभीर ध्यान नहीं दे रहा। नगरवासियों का आरोप है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी की लापरवाही के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ज्ञात हो कि सरकार ने गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देते हुए पटौदी नगर के बाहर से बाईपास निर्माण योजना शुरू की थी। पिछले कई वर्षों से इस परियोजना का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। अब तक न तो बाईपास पूरी तरह तैयार हो पाया है और न ही वहां बनाए गए अधिकांश फ्लाईओवर एवं अंडरपास चालू किए गए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर सर्विस रोड भी अधूरे पड़े हैं तथा उनमें गड्ढे बने हुए हैं।
बाईपास पूरी तरह चालू न होने के कारण अधिकांश वाहन चालक अब भी नगर के बीच से गुजर रहे पुराने मार्ग का प्रयोग कर रहे हैं। यही मार्ग स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही का भी मुख्य साधन है। परंतु यह सड़क लंबे समय से टूट-फूट का शिकार है।
सड़क पर बने गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक कई बार सड़क नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन टेढ़े-मेढ़े चलाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगरवासियों का कहना है कि बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसों की आशंका बढ़ जाती है। वहीं दिनभर सड़क पर उड़ने वाली धूल लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
व्यापारियों और आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस बारे में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के परियोजना निदेशक योगेश तिलक से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया परंतु संपर्क नहीं हो पाया।
खबरें और भी
क्या कहते हैं लोग
गुरुग्राम-पटौदी मार्ग लंबे समय से टूटा पड़ा है और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। - सुरेंद्र यादव
बस अड्डे के आसपास सड़क की हालत सबसे अधिक खराब है। वहां दिनभर धूल उड़ती रहती है और वाहन चालकों को परेशानी होती है। - राधेश्याम मक्कड़, पार्षद
नेशनल हाईवे अथारिटी ने न तो बाईपास के सभी फ्लाईओवर चालू किए और न ही सर्विस रोड को पक्का कराया। पुराने मार्ग के गड्ढों को भरने की दिशा में भी कोई कदम नहीं उठाया गया। - सतनारायण मिर्जापुर
सरकार संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देकर टूटे मार्ग की शीघ्र मरम्मत करवाए तथा बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। - चंद्रभान सहगल, पूर्व अध्यक्ष नगरपालिका पटौदी एवं पार्षद