घरों में पहुंच रहा गंदा पानी, पेयजल लाइन लीक होने से गुरुग्राम के हजारों लोग झेल रहे मुसीबत
गुरुग्राम के समसपुर गांव में पेयजल आपूर्ति लाइन में लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। निवासियों ने संबंधित विभा ...और पढ़ें
-1786366501434_m.webp)
पेयजल लाइन में लीकेज होने के कारण समसपुर गांव की गली में हुआ जलभराव। सौजन्य : स्थानीय व्यक्ति
HighLights
गुरुग्राम के समसपुर में पेयजल लाइन में लीकेज।
घरों में गंदे पानी की आपूर्ति से लोग परेशान।
निवासियों ने तत्काल मरम्मत और जांच की मांग की।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में नगर निगम के समसपुर गांव स्थित पार्क नंबर-4 के पास पेयजल आपूर्ति की लाइन में लीकेज होने से लोगों को परेशानी हो रही है। पाइपलाइन से पानी का रिसाव होने के साथ ही घरों में गंदे पानी की आपूर्ति होने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पानी की गुणवत्ता खराब होने के कारण उन्हें पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
घरों में पहुंच रहा गंदा पानी
समसपुर के योगेंद्र सिंह ने बताया कि पार्क नंबर-4 क्षेत्र में पानी की लाइन लीक है। पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण आसपास की जगह पर भी पानी जमा हो रहा है। वहीं, लाइन में लीकेज के कारण गंदा पानी पेयजल आपूर्ति में मिलकर घरों तक पहुंचने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि नल से आने वाले पानी का रंग और गुणवत्ता सामान्य नहीं है। ऐसे में लोगों को मजबूरी में अतिरिक्त खर्च कर वैकल्पिक पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
जल्द समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पेयजल लाइन की जांच कराने और लीकेज को जल्द ठीक कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। गंदे पानी की आपूर्ति से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने की भी आशंका बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के पटौदी में दूषित पानी से मिलेगा छुटकारा, 1.19 करोड़ की नई पेयजल पाइपलाइन योजना को मंजूरी
लोगों ने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन की स्थिति जांचने और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।