विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम रैपिड मेट्रो की छलांग, 5 महीने में 88.81 लाख यात्रियों ने किया सफर; रिकॉर्ड 11.62% की बढ़ोतरी

Published: Thu, 08 Oct 2026 08:02 PM (IST)

रैपिड मेट्रो गुरुग्राम में यात्रियों की संख्या और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच 88.81 लाख यात्रियों ने सफर किया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अप्रैल-अगस्त 2026 में 88.81 लाख यात्रियों ने रैपिड मेट्रो में सफर किया।

  2. यात्रियों की संख्या में 11.62% और परिचालन आय में 11.64% की वृद्धि।

  3. सेक्टर-56 से पचगांव तक मेट्रो विस्तार परियोजना अंतिम चरण में।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो की बढ़ती स्वीकार्यता का असर यात्रियों की संख्या और राजस्व पर भी दिखाई दे रहा है। अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच रैपिड मेट्रो में 88.81 लाख यात्रियों ने सफर किया। पिछले वर्ष इसी अवधि में 79.57 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी। यानी एक साल में यात्रियों की संख्या में 11.62 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

चंडीगढ़ में बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (एचएमआरटीसी) की 66वीं बोर्ड बैठक में रैपिड मेट्रो के बढ़ते यात्री आधार की जानकारी दी गई। एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक अजय कुमार ने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ परिचालन आय में भी वृद्धि हुई है।

पिछले साल से अधिक हुई आय

अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान परिचालन से 18.60 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 16.66 करोड़ रुपये थी। इस तरह परिचालन आय में 11.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। गैर-किराया राजस्व में 64.34 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

स्टेशनों पर लाइसेंस पर दिए गए स्थानों से किराये की आय 2.82 करोड़ से बढ़कर 3.50 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, विज्ञापन अधिकारों की ई-नीलामी से 23.14 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष 13.39 करोड़ रुपये थी।

बढ़ते यात्री आधार के बीच विस्तार की तैयारी

गुरुग्राम में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की योजनाओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित 35.25 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो कारिडोर में 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं। यह परियोजना मंजूरी के अंतिम चरण में है। पचगांव में इसका जुड़ाव नमो भारत (आरआरटीएस) कारिडोर से होगा। इससे गुरुग्राम और पचगांव क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना है।

दूसरे शहरों तक कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना

गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा नमो भारत कारिडोर का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। गुरुग्राम और फरीदाबाद क्षेत्र में रूट एलाइनमेंट और स्टेशनों को राज्य स्तर पर अंतिम रूप दिया जा चुका है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट संबंधित विभागों और विकास प्राधिकरणों की टिप्पणियों के लिए भेजी गई है।

बैठक में वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह और नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के महानिदेशक जे. गणेशन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 90 KM/H की स्पीड से दौड़ेगी नई मेट्रो; RRTS, रैपिड मेट्रो और ऑर्बिटल रेल से जुड़ेगा कॉरिडोर